यूपी में ITI छात्र की बेरहमी से हत्या, डीजल से शव जलाकर कुएं में फेंका
शामली से लापता हुए 18 साल के आईटीआई युवक का शव एक खेत में नकलकूप के कुएं से जली हुई अवस्था में बरामद हुआ। शव को डीजल से जलाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर युवक का शव जलाकर नलकूप के कुएं में फेंका गया।

UP News: शामली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां चौसाना के गांव लक्ष्मीपुरा में सोमवार रात घेर से रहस्मय हालात में लापता 18 वर्षीय युवक का शव मंगलवार सुबह एक खेत में नकलकूप के कुएं से जली हुई अवस्था में बरामद हुआ। युवक आईटीआई का छात्र था और उसके शव को डीजल से जलाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर युवक का शव जलाकर नलकूप के कुएं में फेंका गया। सूचना पर एसपी, एएसपी एवं फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।
गांव लक्ष्मीपुरा में सुखबीर का 18 वर्षीय बेटा गोविंद रोजाना की तरह रात में अपने घेर में सोने गया था। गोविंद के चाचा दीनदयाल ने बताया कि मंगलवार सुबह पांच बजे वह पशुओं को चारा डालने घेर में पहुंचे तो बाहर मुख्य गेट की कुंडी लगी थी। कुंडी खोलकर अंदर देखा तो गोविंद नहीं मिला। चारपाई पर उसका मोबाइल पड़ा मिला। तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक खेत के पास धान की रुपाई कर रहे किसानों ने युवक का शव देख गांव में लोगों को जानकारी दी। परिजनों ने शिनाख्त गोविंद पुत्र सुखबीर के रूप में की। सूचना पर सीओ फारेंसिक व सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला। शव को ज्वलशील पदार्थ से जलाया गया था। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला ने भी घटना स्थल का मुआयना किया।
बाहर गेट की कुंडी में उलझी हत्या की गुत्थी
परिजनों के मुताबिक गोविंद अकेला ही घेर में सोता था। सुबह परिजनों ने घेर की कुंडी खोली तो उसका मोबाइल भी चारपाई पर पड़ा मिला। अंदेशा लगाया जा रहा है गोविद कुंडी लगाकर बाहर स्वयं गया या फिर गोविंद को जबरदस्ती घेर से बाहर ले जाकर अज्ञात लोगों ने खुद कुंडी बंद की। जिस खेत में नलकूप के कुएं में उसका शव मिला वह घेर से करीब पांच सौ मीटर दूर बताया जा रहा है।
पूर्व प्रधान का खून से लथपथ शव मिला
उधर, डिबाई के ग्राम असदपुर में 88 वर्षीय पूर्व प्रधान का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ब्लेड से गला रेतने से उनकी गर्दन पर गहरा घाव हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को मौके से एक ब्लेड मिला है। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

