सपा अपने ही विधायकों को बचा ले तो बड़ी बात, केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर पलटवार

Feb 23, 2026 08:48 am ISTPawan Kumar Sharma लखनऊ
share

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा से तो कोई आएगा नहीं। सपा अपने विधायकों को बचा ले तो बड़ी बात होगी।

सपा अपने ही विधायकों को बचा ले तो बड़ी बात, केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर पलटवार

यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा से तो कोई आएगा नहीं। सपा अपने विधायकों को बचा ले तो बड़ी बात होगी। उनका दावा है कि 2047 तक समाजवादी पार्टी सत्ता से बाहर रहेगी। वहीं, डिप्टी सीएम देर रात जर्मनी के लिए रवाना हो गए।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सपा की नैया डूब रही है। उसका भविष्य अंधकारमय है। सपा 2027 ही नहीं, 2047 तक सत्ता वियोग में रहेगी। उन्होंने कहा कि सपा बहादुर अखिलेश का बयान हताशा का परिचायक है।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा था कि गुंडई की राजनीति की विरासत का दौर लंबा नहीं चला करता और अगली पीढ़ी में फिचकुर फेंकने लगता है। तब अखिलेश यादव ने प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के मामले में सरकार को घेरा था। उन्होंने बिना नाम लिए कई तंज भी किए थे।

100 विधायक लाओ, सीएम बन जाओ

दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को घेरते हुए कहा था कि 100 विधायक लाएं और मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि यह आफर दोनों डिप्टी सीएम के सामने फिर खुला है। अखिलेश कुछ दिनों पहले भी इस तरह का ऑफर की बात कह चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जनसामान्य में पीड़ा बढ़ रही है, वैसे-वैसे पीडीए का आंदोलन बढ़ रहा है।

सपा चीफ ने कहा, 'दोनों की एक ही इच्‍छा है कि मुख्‍यमंत्री बन जाएं, तो जो भी 100 विधायकों को लेकर आएगा, उसे मौका मिल जाएगा। यह ऑफर एक सप्‍ताह के लिए ही है।' वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जापान यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा, 'मैंने सुना है कि मुख्यमंत्री जापान जा रहे हैं लेकिन क्योटो नहीं जा रहे हैं? उन्हें वहां जाकर देखना चाहिए कि यहां क्या किया जाना था और पिछले 10 सालों में क्या नहीं कर पाए।'

अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछा रहे भाजपाई

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपाई विकास से नफरत करते हैं। ये अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछा रहे हैं जो भ्रष्टाचार की पाइपलाइन है। बुंदेलखंड से सीधी पाइपलाइन लखनऊ जा रही है। मुख्यमंत्री जापान जा रहे हैं। सवाल उठाया कि वह क्योटो नहीं जा रहे हैं। कहा कि भाजपाई फर्जी वीडियो प्रसारित कर नफरत फैलाने का काम करते हैं। अपनी सुरक्षा हटाए जाने पर अखिलेश ने कहा कि सब सुरक्षा वापस भी ले लेंगे तो भी हम इनको सरकार से हटा देंगे।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।