
यातायात नियमों के बहाने दी इस्लामिक शिक्षा, बजरंग दल की शिकायत पर ट्रैफिक टीएसआई लाइन हाजिर
कन्नौज में एक इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता कार्यक्रम के दौरान टीएसआई पर धार्मिक विषयों पर चर्चा करने का आरोप सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने यातायात टीएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है।
यूपी के कन्नौज जिले के ठठिया क्षेत्र में बीते दिनों चलाए गए यातायात जागरूकता अभियान के दौरान एक इंटर कॉलेज में बच्चों को जागरूक करने पहुंचे यातायात टीएसआई अफाक खान पर इस्लामिक शिक्षा देने के आरोप का मामला सामने आया था। यह मामला 9 दिसंबर का बताया जा रहा है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। मामले में एसपी ने टीएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है। हालांकि लाइव हिंदुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

आरोप है कि जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में यातायात नियमों की जानकारी देने के दौरान टीएसआई द्वारा कथित रूप से धार्मिक विषयों पर चर्चा की गई, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर आपत्ति जताई गई। इस मामले को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से शिकायत करते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। संगठन की ओर से कहा गया कि शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों को केवल यातायात नियमों एवं नागरिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी जानी चाहिए, न कि किसी भी प्रकार की धार्मिक शिक्षा।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच के आदेश दिए थे। वहीं प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए एसपी विनोद कुमार ने यातायात टीएसआई अफाक खान को लाइन हाजिर कर दिया है।
वायरल वीडियो में टीएसआई कह रहे हैं, 'अरब में जिस घर में बेटी पैदा होती थी। तब उसे जिंदा दफन कर दिया जाता था। यानि शादी करना तौहीन समझते थे। लेकिन जब मोहम्मद साहब आए तो उन्होंने विरोध किया और बेटियों को प्रोटेक्शन देना शुरू किया।' वहीं, इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है और इसकी आलोचना की जा रही है। लोगों का कहना है कि यातायात सुरक्षा की आड़ में इस्लामिक शिक्षा देने की कोशिश की जा रही है।





