अब भतीजी दीपिका में उत्तराधिकारी खोज रहीं मायावती? भाई आनंद से कहा-दोनों बेटों को बसपा से दूर रखना

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर भावनात्मक एक पोस्ट लिखी है, जिसेमं उन्होंने अपने भाई आनंद से अपने दोनों बेटों को बसपा से दूर रहने को कहा है। साथ ही उन्होंने भतीजी दीपिका को बसपा में बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की भी बात कही है। 

mayawati
बसपा प्रमुख मायावती

Mayawati News: अभी हाल में बसपा प्रमुख मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। तीन-चार दिन ही बीते थे कि अब दूसरे भतीजे ईशान को लेकर भी बुआ मायावती ने फैसला सुना दिया है। मायावती की निगाह अब भतीजी दीपिका पर टिक गई हैं। मायावती अपना उत्तराधिकारी अब भतीजी दीपिका में खोज रही हैं। मायावती को इसको लेकर सोशल मीडिया एक्स पर एक भावुक पोस्ट भी किया है। जिसमें बसपा प्रमुख ने भविष्य में भतीजी दीपिका को बसपा में बड़ी जिम्मेदारी देने की बात कहते हुए भाई आनंद से उनके दोनों बेटों को पार्टी से दूर रखने को कहा है। इससे साफ हो गया है कि अब मायावती ने दूसरे भतीजे ईशान को भी बसपा से साइडलाइन कर दिया है।

मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से मुक्त किए जाने के दो दिन बाद शनिवार को 'एक्स' पर एक लंबे और भावुक पोस्ट में अपने फैसले के कारण बताए तथा परिवार से जुड़े भविष्य के राजनीतिक फैसलों को भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि अविवाहित होने के कारण उन्हें अपने सगे भाई-बहनों में से किसी एक और अंततः सबसे छोटे भाई आनंद कुमार को अपने साथ रखने की जरूरत पड़ी। आनंद मायावती की देखभाल करने के साथ लंबे समय से पार्टी की अहम जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं। मायावती ने कहा, 'अब उनके परिवार के लोग भी इसका लाभ उठाएं तो यह पार्टी और आंदोलन के हित में सही नहीं होगा।' उन्होंने कहा, ‘मेरा अंतिम फैसला और प्रतिज्ञा है कि आनंद कुमार के खासकर किसी भी बेटे को बसपा में किसी छोटे-बड़े पद पर बने रहकर राजनीति करने का मौका नहीं दिया जाएगा।’

दीपिका को लेकर क्या बोलीं बुआ मायावती

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भविष्य में आनंद कुमार को उनकी मदद के लिए किसी अन्य सदस्य की जरूरत पड़ती है, तो वह अपनी इकलौती बेटी कुमारी दीपिका आनंद की मदद ले सकते हैं, जो इस समय वकालत की पढ़ाई कर रही हैं। मायावती ने कहा कि दीपिका की ईमानदारी, वफादारी और कार्यक्षमता को देखते हुए भविष्य में उन्हें पार्टी में जरूरत के अनुसार जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर दीपिका इसके लिए तैयार नहीं होती हैं, तो आनंद कुमार पार्टी की आम सहमति से दलित वर्ग के किसी अन्य कर्मठ कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी सौंप सकते हैं।

2017 में आनंद को बनाया गया था राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

बसपा सूत्रों के अनुसार, आनंद कुमार पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। मायावती ने उन्हें 2017 में पहली बार इस पद पर नियुक्त किया था और उस समय यह शर्त रखी थी कि वह कभी सांसद, विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। मायावती ने कहा कि आनंद कुमार अपने दोनों बेटों या भविष्य में उनके बच्चों में से किसी को भी अपनी जिम्मेदारी नहीं सौंपेंगे। उन्होंने इसे पार्टी और आंदोलन के हित में समय की जरूरत बताया। चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकीं मायावती ने बसपा संस्थापक कांशीराम का जिक्र करते हुए कहा कि वह परिवारवाद के खिलाफ उनके रुख पर कायम हैं।

बसपा में जेन-जी कीे 50 फीसदी भगीदारी की तैयारी

उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा और अन्य परिस्थितियों के कारण उन्हें आनंद कुमार को अपने साथ रखना पड़ा लेकिन वह किसी भी तरह के मोह के कारण पार्टी को नुकसान नहीं पहुंचने देंगी। मायावती ने कहा कि युवाओं को प्राथमिकता देने की नीति के तहत पार्टी संगठन में 'जेन-जी' की करीब 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रक्रिया लंबे समय से जारी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में सर्वसमाज के कर्मठ एवं युवा प्रतिभाओं को उम्मीदवार बनाने को प्राथमिकता देने के निर्देश पर भी अमल किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी के जरिए आंबेडकरवादी राजनीति और संवैधानिक मूल्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsअब भतीजी में उत्तराधिकारी खोज रहीं मायावती? दोनों भतीजों के लिए कह दी बड़ी बात