50 रुपए से सस्ती इंसान की जिंदगी? ताबड़तोड़ चाकू मार बीच सड़क ई-रिक्शा वाले का कत्ल
सहारनपुर में बीच सड़क एक ई-रिक्शा ड्राइवर पर उसी की सवारी ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नशा उतरने के बाद आरोपी ने कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई।

Murder in UP : क्या इंसान की जिंदगी 50 रुपए से भी सस्ती हो गई है? ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि सिर्फ 50 रुपए किराए को लेकर हुआ मामूली विवाद सहारनपुर शहर के बीचोंबीच खूनी वारदात में बदल गया। रविवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र में जोगियान पुल के पास बीच सड़क एक ई-रिक्शा ड्राइवर पर उसी की सवारी ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में था।
शहर के व्यस्त इलाके जोगियान पुल पर रविवार रात करीब साढ़े दस बजे किराये के विवाद में ई-रिक्शा चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र निवासी दानिश उर्फ दिलशाद पुत्र इलियास ई-रिक्शा में सवार था। ई-रिक्शा चालक साजिद उर्फ बिहारी उर्फ शाहिद पुत्र मंसूर अहमद निवासी दानिश कॉलोनी, रसूलपुर से 50 रुपये किराये को लेकर उसका विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों में कहासुनी हुई और कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू निकालकर चालक पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
हत्यारोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कुछ देर बाद पुलिस ने आरोपी दानिश उर्फ दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया।
नशा उतरने पर बोला आरोपी, बहुत बड़ी गलती हो गई
पुलिस के अनुसार, वारदात के समय आरोपी शराब के नशे में था। सोमवार सुबह नशा उतरने पर पूछताछ में उसने पुलिस से कहा कि नशे में उससे बहुत बड़ी गलती हो गई। एसपी सिटी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मांगे थे 50 रुपये, आरोपी दे रहा था 15
जांच में सामने आया कि ई-रिक्शा चालक ने उससे 50 रुपये किराया मांगा था, जबकि आरोपी केवल 15 रुपये देने पर अड़ा हुआ था। महज 35 रुपये को लेकर दोनों में विवाद शुरू हुआ, जो खूनी वारदात में बदल गया।
क्या बोली पुलिस
सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि जोगियान पुल के पास किराये के विवाद में ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

