जमीन कब्जे के मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका है कि नही? पुलिस की जांच हुई तेज

Dec 31, 2025 10:52 pm ISTDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share

लखनऊ में पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस जांच तेज कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस जांच कर रही है कि जमीन कब्जे के मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका है कि नही?

जमीन कब्जे के मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका है कि नही? पुलिस की जांच हुई तेज

लखनऊ में अहिमामऊ स्वास्तिका सिटी में जमीन कब्जे के लिए दीवार खड़ी कर रास्ता बंद करने के मामले में पुलिस और राजस्व विभाग ने तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस जहां पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका की जांच कर रही है। इस संबंध में वह ब्लाक प्रमुख पति विनय सिंह की काल डिटेल्स खंगाल रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

काल डिटेल्स पता लगा को फोन किया था अथवा नहीं? काल डिटेल्स मिलने पर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव और राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार को स्वास्तिका सिटी घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों के बयान दर्ज किए। लोगों ने बताया कि अभी भी उन्हें धमकी मिल रही हैं। इसके बाद राजस्व टीम ने विवादित स्थल की पैमाइश की। एसीपी ने सोसाइटी में पुलिस की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि दोनों ओर से दर्ज मुकदमों में जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बात की तो पता चला जौनपुर में थे धनंजय

मामले की विवेचना कर रहे सुशांत गोल्फ सिटी थाने के पुलिस कर्मी ने धनंजय से फोन पर बात की तो पता चला कि वह जौनपुर में हैं। धनंजय ने उन्हें बताया कि वह तीन दिनों से जौनपुर में ही हैं। पुलिस अब नोटिस देकर उन्हें बयान दर्ज करने के लिए तलब करेगी। इसके साथ ही काल डिटेल्स से पुष्टि करेगी की धनंजय से विनय की कब-कब बात हुई? इसके अलावा घटना के समय जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है उस समय विनय ने धनंजय को फोन किया था अथवा नहीं? इन तमाम बिंदुओं पर तफ्तीश की जा रही है।

गनर की भूमिका, असलहों की जांच, चिंह्नित किए जा रहे लोग

पुलिस विवाद के दौरान वायरल वीडियो की जांच कर रही है। पता लगा रही है कि उस समय मौके पर कौन-कौन था? उनकी पहचान की जा रही है। विवाद में जिन पर असलहा तानने का आरोप लगा है वह कौन से असलहे लिए थे? विनय सिंह के साथ जो सरकारी गनर था उसकी भूमिका क्या रही? गनर की संलिप्तता मिलने पर पुलिस उसके खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर उसके खिलाफ कार्रवाई की पुलिस संस्तुति कराएगी। इसके साथ ही मामले में लाइन हाजिर किए गए इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।

यह है मामला :

सुशांत गोल्फ सिटी थाने में बुधवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह, उनके करीबी ब्लॉक प्रमुख पति विनय सिंह, गनर और 10 अन्य लोगों पर जमीन पर कब्जे के विवाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा स्वास्तिका सिटी में रहने वाले कौशल तिवारी ने दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्व सांसद के करीबी विनय सिंह आदि ने जमीन पर कब्जा करने के लिए दीवार खड़ी कर रास्ता रोक दिया। इससे नाराज सोसाइटी के लोगों ने दीवार गिरा दी तो विनय सिंह, उनके गनर और साथियों ने असलहे तान कर सोसाइटी के लोगों को धमकी दी। पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो आरोपियों के दबाव में इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी उपेंद्र सिंह ने उल्टा उन्हीं पर मुकदमा दर्ज कर लिया। एकपक्षीय कार्रवाई से आहत पीड़ित पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर के पास पहुंचे। उन्होंने प्राथमिक जांच के आधार पर इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया था।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |