अमेरिका-ईरान के झगड़े में फंस गई यूपी के एक जिले की 350 सड़कें, ठप पड़ा है काम

Ajay Singh संवाददाता, गोरखपुर
share

सड़कों के गड्ढे और बड़े हो रहे हैं, लेकिन स्वीकृत होने के बाद भी सड़क निर्माण का काम नहीं हो पा रहा है। ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। तारकोल महंगा हो गया है। ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण तेल कीमतों में इजाफा से यह स्थिति आई है।

अमेरिका-ईरान के झगड़े में फंस गई यूपी के एक जिले की 350 सड़कें, ठप पड़ा है काम

UP News: भीषण गर्मी में सड़कों से उखड़ रही गिट्टियों और उड़ती हुई धूल से राह तो दुश्वार है ही, सांसों में प्रदूषण भी घुल रहा है। सड़कों के गड्ढे और बड़े हो रहे हैं, लेकिन स्वीकृत होने के बाद भी सड़क निर्माण का काम ठप है। ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिया हैं। कारण, तारकोल महंगा हो गया है। ईरान-अमेरिका युद्ध से उपजे तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में इजाफा होने से यह स्थिति आई है। गोरखपुर की बात करें तो लोक निर्माण विभाग के चार खंडों में ही करीब 350 सड़कों का काम अटका हुआ है। शिकायतें आ रही हैं लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।

दोगुनी हो गई बिटुमन की कीमत

मध्य पूर्व में युद्ध शुरू होने के बाद बिटुमिन (तारकोल), इमल्शन एवं एलडीओ के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। अब तक 100 प्रतिशत कीमत बढ़ने से ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ब्लैक बिटुमिन 44,000 से बढ़कर 83,000 रुपये प्रति एमटी हो गया है। इसी प्रकार इमल्शन 44000 रुपये से बढ़कर 65000 रुपये में बिक रहा है। इस कारणों सड़क निर्माण मुश्किल हो गया है।

Voice of UP

विभाग का दबाव, ठेकेदार कह रहे दर रिवाइज करें

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का दबाव है कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेकेदार सड़कों का निर्माण कराएं, जबकि ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। नुकसान होने की वजह से लामबंद हुए ठेकेदार मांग कर रहे हैं कि बढ़ी हुई कीमतों के अनुसार दरों का निर्धारण किया जाए। अंतरराष्ट्रीय कारणों से सड़क निर्माण में उपयोगी तारकोल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो गई है। इस कारण सड़कों के निर्माण का कार्य कराना संभव नहीं है। लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार संघ ने मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर अपनी मजबूरियां गिनाई हैं।

क्या कहते हैं जानकार

उत्तर प्रदेश ठेकेदार कल्याण समिति के अध्यक्ष शरद सिंह ने इस बारे में बताया कि तारकोल की कीमत दोगुनी हो चुकी है। इसी कारण सड़कों का काम ठप हो गया है। दरों के निर्धारण के बाद ही काम शुरू हो सकेगा। इस मामले में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग से वार्ता की गई है। शासन से सहयोग मांगा गया है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।