आईपीएस की मां की मौत; मुंह में कपड़ा, जेवर गायब, पुलिस कह रही हार्ट अटैक

अम्बेडकरनगर, संवाददाता
Follow us on Google News
share

यूपी के आंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की गुत्थी उलझ गई है। आशुतोष की मां पैतृक मकान में मृत मिली थीं। पहले हत्या और लूट की आशंका जताई गई। अधिकारियों ने हार्ट अटैक बताया है।

ips
आंबेडकरनगर में अपने ही घर में मृत मिलीं आईपीएस अधिकारी की मां इंद्रावती (फाइल फोटो)

लखनऊ पुलिस मुख्यालय में तैनात आईपीएस आशुतोष मिश्र की 94 वर्षीय मां इंद्रावती की हत्या-लूटपाट मामले की जांच के लिए पांच टीमों को लगाया गया है। इस बीच रविवार को शव बरामद होने के बाद हिरासत में लिए गए तीन लोगों को करीब आठ घंटे पूछताछ के बाद हिदायत देकर छोड़ दिया गया। इससे पहले शव के पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं होने से जांच की गुत्थी उलझ गई है। सोमवार को आईपीएस की मां का अयोध्या में सरयू तट पर अंतिम संस्कार किया गया। गांव से निकली शवयात्रा में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। अंतिम संस्कार के दौरान जिले के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

जेवर गायब, मुंह में ठूंसा मिला था कपड़ा

इंद्रावती की मौत का पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रखते हुए हृदय हिस्टोपैथोलॉजिकल एनालिसिस के लिए भेजा है। वहां की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। इसके चलते फिलहाल मृत्यु का कारण संदेह के घेरे में है। बताया जाता है कि इंदिरा देवी घर में अकेली मौजूद थीं। घटना की जानकारी के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तो उनके शरीर पर पहने आभूषण गायब मिले। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा मिला था। इन परिस्थितियों ने घटना को और गंभीर बना दिया, जिससे हत्या की आशंका को बल मिला है।

पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। सोमवार को अंतिम संस्कार के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया, एडीएम, जलालपुर एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी शवयात्रा में शामिल हुए। गांव से निकली शवयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

सभी पहलुओं पर जांच में जुटी टीमें

पुलिस प्रशासन घटना की संवेदनशीलता देखते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। शरीर से गायब आभूषण, मृतका के मुंह में कपड़ा मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सुरक्षित किए गए बिसरा, हृदय की जांच रिपोर्ट को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम से संबंधित रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की सही वजह की स्थिति साफ हो सकेगी।

फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों की निगाहें पुलिस जांच तथा जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। मालीपुर थाना अध्यक्ष शशांक शुक्ला ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है, जो भी मामला सामने आएगा, उस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घर या आसपास नहीं लगा कैमरा

एसपी प्राची सिंह ने बताया कि घटना का वर्कआउट करने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं। हिरासत में लिए गए तीन लोगों से पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। तीनों ने अलग-अलग विरोधाभास बयान दिया है। उन्होंने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कि हत्या की जैसी बात नहीं है। ह्रदय गति रुकने से प्रथम दृष्टया मौत होने की बात आई है।

एसपी का कहना है कि मौत के बाद कुछ लोग घर में घुसे होंगे और जेवर पार करके चंपत हो गए। हालांकि अंगूठी हाथ में ही थी और पायल नीचे गिरी थी। एसपी ने बताया कि अयोध्या में दाह संस्कार से लौटने के बाद रिश्तेदारों और अगल बगल के लोगों से पूछताछ की जाएगी। एसपी ने बताया कि मृतका इन्द्रावती के घर और पड़ोस में कहीं भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsआईपीएस की मां की मौत; मुंह में कपड़ा, जेवर गायब, पुलिस कह रही हार्ट अटैक