Video: संभल से विदाई पर एसपी केके बिश्नोई के छलके आंसू, DM ने पानी पिलाकर संभाला

लाइव हिन्दुस्तान, संभल
share

संभल के एसपी रहे आईपीएस केके बिश्नोई विदाई समारोह में भावुक होकर रो पड़े। उन्हें संभालते हुए डीएम अंकित खंडेलवाल भी भावुक हो गए। बिश्नोई ने 770 दिन संभल में सेवा की। तबादले के बाद उन्हें बिजनौर का SP बनाया गया है। 

संभल में पुलिस अधीक्षक के पद से विदाई के दौरान IPS कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई भावुक होकर रो पड़े। शनिवार को पुलिस लाइन बहजोई के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित विदाई समारोह में उनके साथ बैठे जिलाधिकारी (डीएम) अंकित खंडेलवाल ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद वह खुद भी भावुक हो गए। करीब तीन घंटे चले समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल देकर विदाई दी। केकेबिश्नोई ने संभल के एसपी के रूप में करीब 770 दिन का कार्यकाल पूरा किया। 20 अगस्त 2026 की रात योगी सरकार ने यूपी कैडर के नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इसके तहत संभल, गोंडा, बिजनौर और बाराबंकी समेत कई जिलों के एसपी बदले गए। तबादले के बाद केके विश्नोई को संभल से हटाकर बिजनौर का एसपी बनाया गया है।

विदाई समारोह में भावुक हुए एसपी केके बिश्नोई

विदाई समारोह में केके बिश्नोई ने संभल में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और सहयोगियों के योगदान को याद किया। उन्होंने एक किसान का मामला भी साझा किया, जो करीब 10 साल से 50 लाख रुपये से अधिक कीमत की अपनी जमीन के हक के लिए परेशान था। एसपी ने बताया कि उनके निर्देश पर चकबंदी अधिकारियों ने महज दो दिन में किसान को उसकी जमीन का हक दिलाया।

संभल हिंसा का भी किया जिक्र

एसपी ने 24 नवंबर 2024 को हुई संभल हिंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर चुनौती का सामना किया। उन्होंने मुकदमों की जांच और साक्ष्य जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कुलदीप कुमार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने चोट लगने के बावजूद ड्यूटी पर डटे रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। केके बिश्नोई के मुताबिक, संभल हिंसा से जुड़े 284 मामले अब तक हाईकोर्ट में निरस्त हो चुके हैं, जिनमें जमानत से संबंधित मामले भी शामिल हैं। कुछ याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट से भी निरस्त हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि संभल पुलिस के खिलाफ किसी मामले में प्रतिकूल आदेश नहीं आया, क्योंकि पुलिस ने सभी मामलों को कानून के मुताबिक निपटाया।

2018 बैच के IPS हैं केके बिश्नोई

केके बिश्नोई यूपी कैडर के 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनका जन्म 1 जनवरी 1994 को हुआ था। उनकी पत्नी अंशिका वर्मा भी यूपी कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं। वह 2020 बैच की अधिकारी हैं और वर्तमान में बरेली में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। केके बिश्नोई 10 सितंबर 2024 से संभल के एसपी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें बिजनौर की कमान सौंपी गई है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP NewsVideo: संभल से विदाई पर एसपी केके बिश्नोई के छलके आंसू, DM ने पानी पिलाकर संभाला