निवेश सिर्फ विज्ञापन में दिख रहा; नौकरियों के दावे पर अखिलेश ने बीजेपी सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर रोजगार, निवेश और किसानों के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि निवेश और उद्योग केवल विज्ञापनों में दिख रहे हैं, जबकि नौकरियां न्यूज में दिखाई जा रही हैं। आलू खरीद को लेकर भी उन्होंने सरकार से सवाल किया।

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर रोजगार, निवेश, बिजली और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार और निवेश के आंकड़ों को लेकर जनता के सामने गलत तस्वीर पेश कर रही है। अखिलेश ने कहा कि नौकरियां नहीं हैं और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जबकि आय दोगुनी करने का वादा किया गया था।
निवेश सिर्फ विज्ञापनों में दिख रहा है- अखिलेश
अखिलेश यादव ने विज्ञापनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखबारों में एक-एक दिन में कई-कई विज्ञापन प्रकाशित हो रहे हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि निवेश और उद्योग केवल विज्ञापनों में दिखाई दे रहे हैं, जबकि नौकरियां न्यूज में दिखाई जा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर विज्ञापनों में बताई गई नौकरियों को जोड़ दिया जाए तो प्रदेश में कोई बेरोजगार ही नहीं बचेगा। उन्होंने आलू के विज्ञापन का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आलू की कितनी पैदावार हुई, बजट में कितना प्रावधान किया गया और किसानों से कितनी खरीद हुई। उन्होंने कहा कि अगर किसान को एक पैसा भी मिला हो तो बताया जाए।
AI से बने वीडियो देखने वालों को भी जेल हो सकती
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बने वीडियो देखने वालों को भी जेल भेज सकती है। अखिलेश ने जनप्रतिनिधियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और सपा सांसद पप्पू निषाद को परेशान किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडीए से जुड़े लोगों को भी परेशान किया जा रहा है। अखिलेश ने दावा किया कि हजारों करोड़ रुपये खर्च कर लोगों की छवि खराब करने और निगेटिव कंटेंट तैयार करने का काम किया जा रहा है।
पिछले 10 साल में एक भी पावर प्लांट नहीं लगा
अखिलेश यादव ने बिजली के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में एक भी नई पावर यूनिट नहीं लगाई गई। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब दीयों का कंपटीशन चल रहा है कि कौन ज्यादा दीये जलाएगा। उन्होंने छात्रसंघ चुनावों का समर्थन करते हुए कहा कि अगर दिल्ली में छात्रसंघ चुनाव हो सकते हैं तो उत्तर प्रदेश में भी होने चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार प्रयास कर रही है कि एसआईआर में किसी तरह की गड़बड़ी न हो। चुनाव से पहले चुनाव आयोग दोबारा समीक्षा करेगा और पार्टी इस पर नजर रखेगी।
पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात का आरोप
रायबरेली और सीतापुर की घटनाओं को लेकर अखिलेश ने पुलिस-प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने रायबरेली में छात्र सभा के कार्यक्रम को भाजपा समर्थित लोगों द्वारा रोके जाने का आरोप लगाया। वहीं, सीतापुर में भी पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। लखीमपुर में सड़क निर्माण को लेकर वीडियो वायरल करने वाले ग्रामीणों पर कथित अत्याचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की कमेटी वहां भेजी गई है। इस दौरान बांदा से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके मयंक दीक्षित, श्रावस्ती से भाजपा छोड़कर आए नंद किशोर गिरी और उत्तर प्रदेश चेयरमैन संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।


