गर्ल्स हॉस्टल के खाने में मिला कीड़ा, राज्यपाल के चेताने पर भी नहीं सुधरी व्यवस्था; कैटरर पर ऐक्शन

कार्यालय संवाददाता, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

गोरखपुर यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में शनिवार रात को खाने में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने रविवार सुबह टीम को अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल भेजकर मेस की जांच कराई। जांच में छात्रा की शिकायत की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने वर्तमान कैटरर को हटा दिया।

insects found in food at gorakhpur university s girls hostel action taken against caterer
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल के खाने में मिला कीड़ा, कैटरर पर ऐक्शन

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं के भोजन में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शनिवार रात भोजन के दौरान एक छात्रा की थाली में परोसी गई बैंगन की कलौंजी की बाहरी सतह पर बरसाती कीड़ा मिला था। इसका फोटो सामने आने के बाद छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठाए थे। बता दें कि हाल ही में डीडीयू के 45वें दीक्षांत समारोह के दौरान यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने वहां की हालत देखकर नाराजगी जताई थी।

राज्यपाल ने हॉस्टल की मेस में बन रहे खाने की जांच की थी और खाना पकाने में इस्तेमाल हो रहे तेल की गुणवत्ता पर भी सवाल किया था। उन्होंने मौके पर ही फूड सेफ्टी अधिकारियों को बुलाकर सैंपल लेने के निर्देश भी दिए थे। राज्यपाल ने छात्रावासों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए थे। ऐसे में हॉस्टल के भोजन में कीड़ा मिलने की घटना ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।

खाने में कीड़े की पुष्टि पर कैटरर पर ऐक्शन

शनिवार रात को खाने में कीड़ा मिलने की जानकारी होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने रविवार सुबह टीम को अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल भेजकर मेस की जांच कराई। टीम ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच में छात्रा की शिकायत की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने वर्तमान कैटरर को हटा दिया। सोमवार से नए कैटरर को मेस संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। मेस के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया भी चल रही है।

छात्राओं की मांग पर बनी थी कलौंजी

बताया जा रहा है कि छात्राओं की मांग पर मेन्यू में बैंगन की कलौंजी को शामिल किया गया था। करीब 120 छात्राओं और कर्मचारियों के लिए लगभग 250 कलौंजियां तैयार की गई थीं। भोजन के दौरान एक छात्रा की थाली में रखी कलौंजी में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई। हॉस्टल की मेस कमेटी में छात्राओं की समिति भी शामिल है, जो भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और मेस व्यवस्था की निगरानी करती है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्राओं को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए मेस की निगरानी और कड़ी की जाएगी।

अलकनंदा हॉस्टल की व्यवस्था पर भी राज्यपाल ने उठाया था सवाल

डीडीयू के दीक्षांत समारोह में आईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अलकनंदा हॉस्टल की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि विश्वविद्यालय में नौ हॉस्टल है। लेकिन, इनमें बच्चों को अच्छा खाना तक नहीं मिल पा रहा है। ब्वॉयज हॉस्टल में तो खाने की व्यवस्था नहीं है। टिफिन में खाना आ रहा है, टिफिन में जब खाना आ सकता है तो कुछ भी आ सकता है। बताया कि जनभवन की टीम ने हॉस्टल का निरीक्षण कर जो रिपोर्ट सौंपी है, वह बेहद चिंताजनक है। अलकनंदा हॉस्टल में वाई-फाई नहीं चल रहा है। पंखे नहीं थे। मेरे आने की सूचना पर पंखे लगवाए गए हैं। रामप्रसाद शुक्ल हॉस्टल गंदगी से भरा पड़ा है। अमरावती गर्ल्स हॉस्टल में न तो पानी की व्यवस्था है, न ही बिजली की। चंद्रावत हॉस्टल जर्जर हालत में है, तीन साल से उसे गिराया नहीं जा पा रहा है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsगर्ल्स हॉस्टल के खाने में कीड़ा, राज्यपाल ने भी चेताया था; कैटरर पर ऐक्शन