Hindi NewsUP NewsIncome tax notice of Rs 2 crore, demand of Rs 24 lakh, 22-year-old LLB student's game fails
दो करोड़ की इनकम टैक्स नोटिस, 24 लाख की डिमांड, पुलिस ने फेल किया गजब खेल

दो करोड़ की इनकम टैक्स नोटिस, 24 लाख की डिमांड, पुलिस ने फेल किया गजब खेल

संक्षेप:

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने फिल्म 'स्पेशल 26' की तर्ज पर ठगी की साजिश रची थी। कानून की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने फर्जी आयकर अधिकारी बनकर ग्रामीण को दो करोड़ के नोटिस का डर दिखाया, लेकिन पुलिस के बिछाए जाल में वह खुद फंस गया।

Feb 10, 2026 08:38 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

यूपी के संभल में नखासा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताकर अवैध वसूली कर रहा था। पकड़ा गया आरोपी अमरोहा के उझारी में बीए-एलएलबी का छात्र है। उसने एक ग्रामीण को दो करोड़ रुपये के 'काले धन' का फर्जी नोटिस थमाकर कार्रवाई रोकने के एवज में 24 लाख रुपये की डिमांड की थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सोमवार को इस गजब खेल का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अख्तियारपुर तगा गांव के निवासी शीशपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक उनके घर आया और खुद को आयकर विभाग का बड़ा अधिकारी बताया। उसने शीशपाल को एक आधिकारिक दिखने वाला नोटिस दिया, जिसमें दावा किया गया था कि उनके पास 2 करोड़ रुपये की अवैध आय है। आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस ने पीड़ित पर दबाव बनाया कि यदि वह इस नोटिस से बचना चाहता है, तो उसे 12 प्रतिशत पेनल्टी यानी 24 लाख रुपये देने होंगे।

ये भी पढ़ें:ठाकुर हूं, तुम्हारी..., धमकी देने वाली बैंककर्मी का नया वीडियो, बताया पूरा मामला

15 दिन तक चला वसूली का ड्रामा

शातिर आरोपी पिछले 15 दिनों से लगातार फोन कॉल के जरिए पीड़ित को डरा रहा था। शक होने पर शीशपाल ने उसे बहजोई स्थित कार्यालय में मिलने को कहा, लेकिन आरोपी हर बार बहाना बनाकर टाल देता था। जब दबाव हद से ज्यादा बढ़ गया, तो पीड़ित ने समझदारी दिखाते हुए पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने एक रणनीति बनाई और शीशपाल के जरिए आरोपी को पैसे लेने के लिए बुलाया, जहाँ पहले से ही तैनात टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

कचहरी के नाम पर घर से निकलता था 'नकली अफसर'

आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस मूल रूप से ठिलूपुरा का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके पिता पुरुषोत्तम ने बताया कि उनका बेटा घर से रोज यह कहकर निकलता था कि वह कचहरी जा रहा है। घर वालों को अंदाजा भी नहीं था कि कानून की पढ़ाई करने वाला उनका बेटा खुद कानून तोड़कर जालसाजी के खेल में लगा है। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी की माँ का रो-रोकर बुरा हाल था।

गहरा हो सकता है ठगी का नेटवर्क

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कुछ समय दिल्ली में भी रह चुका है और वहां से उसने इस तरह की जालसाजी के तरीके सीखे थे। पुलिस को अंदेशा है कि वह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाने की फिराक में था। एसपी ने बताया कि इस खेल में मोहित का एक साथी भी शामिल है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस आरोपी के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक और कितने लोगों को फर्जी नोटिस देकर ठगा है। फिलहाल, आरोपी को धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में जेल भेज दिया गया है।