अमेरिका से संबंध सुधारें, चीन से रहें सतर्क, विदेश नीति पर अखिलेश ने केंद्र सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने कहा, अमेरिका से संबंध सुधारने चाहिए। भारत के आठ लाख छात्र वहां पढ़ते हैं। वहीं, चीन जिसकी नजर भारत की जमीन पर है और पाकिस्तान की मदद करता है..उससे सावधान रहने की जरूरत है।
विदेश नीति को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को घेरा। एक कार्यक्रम में शनिवार को कन्नौज पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को आड़े-हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका से संबंध सुधारने चाहिए। भारत के आठ लाख छात्र वहां पढ़ते हैं। वहीं, चीन जिसकी नजर भारत की जमीन पर है और पाकिस्तान की मदद करता है..उससे सावधान रहने की जरूरत है।

15 अगस्त को पुनगरा निवासी बिजली विभाग के आउटसोर्सिंग कर्मचारी ब्रजेश राठौर की करंट लगने से मौत हो गई थी। शनिवार को ब्रजेश के परिजनों से अखिलेश ने मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने ब्रजेश की पत्नी को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। यहां पत्रकारों से बात करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टोल के माध्यम से सरकार दो करोड़ रुपये प्रतिदिन कमा रही है। इसके बावजूद भी बेहतर सुविधाएं नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निरंकुश होती जा रही है। पुलिस को गरीबों से कोई मतलब नहीं है।
भाजपा का नया नारा है कि रोते रहे गरीब..फलते-फूलते रहे अमीर। केंद्र सरकार की विदेश नीति पर कहा कि अमेरिका से संबंध बिगड़ने पर भारत पर व्यापक असर पड़ेगा। जिस देश में धन पैदा होता हो, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी हो उस देश से संबंधों में गिरावट नहीं आने देनी चाहिए। अमेरिका में रहने वाले भारतीयों और हरसाल पढ़ने जाने वाले करीब आठ लाख छात्रों का भविष्य फंस सकता है। वहीं, चीन हमारे लिए हमेशा से ही खतरा बनता रहा है। ऐसे देश से हमें सावधान रहना चाहिए जिसकी नजरें हमारी जमीनों पर हैं। वह हमारे बाजारों पर कब्जा करने की जुगत में है। पाकिस्तान की बजाय चीन भारत के लिए अधिक खतरनाक है।
शहीद अग्निवीर को अखिलेश यादव ने थी श्रद्धांजलि
पुनगरा गांव के बाद अखिलेश यादव भरखरा गांव पहुंचकर शहीद हुए अग्निवीर सौरभ पाल के परिजनों से मुलाकात की। शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों को ढांढस बधाते हुए उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके सभी सुख दुख में साथ खड़ी है। भाजपा सरकार को देश के वीर जवानों की कोई चिंता नहीं है। अग्निवीर जैसी योजना बंद होनी चाहिए। सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को बंद कर दोबारा से पहले जैसी भर्ती की जाएगी।





