ड्रोन चला नहीं पा रहे तो हवाई पट्टी से विमान संचालन कैसे करेंगे? अखिलेश का भाजपा पर निशाना
सैफई के गांव में ड्रोन गिरने के मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यदि यह किसी सरकारी परीक्षण या प्रयोग का हिस्सा था, तो स्थानीय लोगों को पहले से सूचित किया जाना चाहिए था।

Akhilesh Yadav: सैफई क्षेत्र के गांव के खेत में ड्रोन गिरने की घटना पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चिंता जताई है और भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा, जब ड्रोन का संचालन सही से नहीं कर पा रहे हैं तो सैफई में हवाई पट्टी पर विमान का संचालन कैसे करेंगे? उन्होंने कहा कि सैफई के गांव में जो ड्रोन गिरा है उससे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया, ग्रामीणों को आशंका हुई कि कहीं कोई मिसाइल तो नहीं गिर गई।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि यह किसी सरकारी परीक्षण या प्रयोग का हिस्सा था, तो स्थानीय लोगों को पहले से सूचित किया जाना चाहिए था। बिना भरोसे और पर्याप्त तैयारी के आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास ऐसे परीक्षण करना गंभीर जोखिम पैदा करता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि ड्रोन खेत के बजाय किसी बस्ती में गिरता, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
सपा प्रमुख ने की घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग
अखिलेश यादव ने राज्य सरकार से घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि प्रभावित किसान के नुकसान और मानसिक आघात का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसे सभी परीक्षण निर्जन क्षेत्रों में ही कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सैफई की जनता सवाल उठा रही है कि जब ड्रोन संचालन ही सही ढंग से नहीं हो पा रहा है, तो वहां की हवाई पट्टी से विमान संचालन कैसे संभव होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से सैफई के रनवे को उपेक्षित छोड़ दिया गया है।
एक दिन पहले सैफई के आसमान से गिरा था ड्रोन
एक दिन पहले सैफई क्षेत्र के ग्राम नंदपुरा में शुक्रवार शाम मौसम विभाग का एक ड्रोन अचानक गिरने से हड़कंप मच गया था। खेतों के पास गिरे इस ड्रोन को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने क्षेत्र को घेरकर ड्रोन की जांच शुरू की और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई थी। प्रारंभिक जांच में ड्रोन मौसम विभाग का बताया जा रहा है, जो संभवतः तकनीकी खराबी के कारण गिर गया। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने ड्रोन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट
पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर
यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका
(डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर
आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और
डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल
वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।
पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब
एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो
उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने
करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में
प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी
है।


