IIT, IIM से पढ़ाई, पहले IPS फिर IAS, बेहद रोचक है आईएएस से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल का सफर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Divya Mittal Success Story: आईएएस से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने पढ़ाई से लेकर नौकरी तक हमेशा वह हासिल किया जिसे पाने की हसरत हर किसी को होती है। आईआईटी, आईआईएम से पढ़ाई के बाद लंदन में नौकरी,  फिर पहले आईपीएस और उसके बाद आईएएस बनीं।

ias Divya Mittal
आईआईटी, आईआईएम से पढ़ाई कर आईपीएस फिर आईएएस बनने वाली दिव्या मित्तल (फाइल फोटो)

Divya Mittal Success Story: यूपी कैडर की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल अब प्रशासनिक सेवा से पूरी तरह मुक्त हो गई हैं। आईएएस से उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल का पढ़ाई से लेकर नौकरी तक का सफर बेहद रोचक रहा है। चाहे इंजीनियरिंग की पढ़ाई हो या मैनेजमेंट की। दोनों पढ़ाई के लिए जिस आईआईटी और आईआईएम में दाखिले का सपना देश का हर होनहार देखता और तरसता है, उन दोनों कॉलेजों में दिव्या ने दाखिला लिया और पढ़ाई की। जिस नौकरी को पाने की हसरत हर कोई रखता है, उस आईपीएस और आईएएस दोनों नौकरी को दिव्या ने हासिल किया।

लंदन में लाखों से पैकेज छोड़कर भारत वापसी

आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग और आईआईएम बंगलोर से एमबीए की पढ़ाई करने के बाद दिव्या ने पति के साथ लंदन में बड़े पैकेज पर नौकरी भी की। नौकरी के दौरान देश सेवा का मन में उठा ज्वार दोबारा भारत खींच लाया। राष्ट्रभक्ति की तमन्ना ऐसी दिल में थी कि आईएएस से कम मंजूर नहीं था। तीन बार यूपीएससी की परीक्षा दी। तीनों बार सफलता भी मिली लेकिन जिस आईएएस के टैग को हासिल करना चाहती थीं, उसे हासिल करके ही माना।

यूपीएससी में पहली बार में ही सफलता

इसे दिव्या की लगन और दृढ़ता की मिसाल ही कहेंगे कि 2010 में उन्होंने पहली बार में ही 332वीं रैंक हासिल की और भारतीय राजस्व सेवा के लिए चुनी गईं। अगले साल फिर परीक्षा दी और इस बार 134वीं रैंक हासिल कर आईपीएस बनीं। तीसरी बार में वहां पहुंच गईं जिसे लक्ष्य बनाया था। 68वीं रैंक के साथ आईएएस बन गईं। 2013 में उन्हें यूपी कैडर से प्रदेश में सेवा का मौका मिला।

इस दौरान पिछले 13 सालों में लगातार फिल्ड में तैनाती मिलती रही और अपनी इच्छा के अनुसार लोगों की सेवा करती रहीं। मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद से शुरू हुआ आईएएस की नौकरी का सफर गौतमबुद्ध नगर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), कानपुर नगर में यूपीसीडा की संयुक्त प्रबंध निदेशक, बरेली में विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष, यूपी ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी की सीईओ से होते हुए संतकबीर नगर, मिर्जापुर और देवरिया में जिलाधिकारी के रूप में अपने काम की अमिट छाप छोड़ने में सफल रहा।

फिल्ड से हटने के बाद से मायूस थीं दिव्या

इसी साल मई में उनकी तैनाती राजस्व परिषद में सचिव के रूप में होने के बाद उनके पास जनता से जुड़े कार्य नहीं रह गए। कहा जाता है कि इसी के बाद आईएएस की नौकरी से भी बाहर जाने का मूड बना चुकी थीं। मई में सोशल मीडिया में एक पोस्ट के जरिए उन्होंने इशारा भी किया था। लिखा था कि आईआईटी, आईआईएम जैसे टॉप संस्थानों में खुश रहना क्यों नहीं सिखाया जाता। जाहिर है कि वह खुश नहीं थीं। हालांकि तब कोई नहीं समझ पाया कि इतनी बड़ी नौकरी को इतनी छोटी सी उम्र में छोड़ने का मूड बना रही हैं।

प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो बढ़े चलो

सोमवार की रात इस्तीफा स्वीकार होते ही उनकी तरफ से पहली प्रतिक्रिया जयशंकर प्रसाद की कविता की पंक्तियों के रूप में सामने आई। इसमें उन्होंने सिर्फ इतना लिखा 'प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो बढ़े चलो'। प्रसाद की 'हिमाद्रि तुंग श्रृंग से' ली गई यह पंक्तियां निडरता, राष्ट्र सेवा, कर्तव्य पथ पर बिना झुके आगे बढ़ने का आह्वान करती हैं। इन पंक्तियों से भी जाहिर है कि आईएएस की नौकरी छोडना जल्दबाजी में लिया गया फैसला नहीं है। बल्कि आगे बढ़ने और इससे भी बड़ा कुछ करने की सोच के साथ लिया गया निर्णय है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP NewsIIT, IIM से पढ़ाई, पहले आईपीएस फिर आईएएस, बेहद रोचक है दिव्या मित्तल का सफर