10 मिनट में आ जाऊंगा...पत्नी से कहकर निकल भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव नाले में पड़ा मिला

Mar 06, 2026 03:31 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, सिकंदराराऊ (हाथरस)
share

हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में भाजपा बूथ अध्यक्ष 24 वर्षीय देवा यादव का शव बाइक समेत नाले में मिला। वह पत्नी को मायके छोड़कर लौटते समय लापता हो गए थे। परिजनों ने रंजिश में हत्या की आशंका जताई। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया।

10 मिनट में आ जाऊंगा...पत्नी से कहकर निकल भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव नाले में पड़ा मिला

हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में एक भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव बाइक समेत नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गुरुवार दोपहर एटा रोड स्थित कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय देवा यादव पुत्र सूरतराम के रूप में हुई है। वह स्थानीय स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता थे और भाजपा के बूथ अध्यक्ष के पद पर कार्य कर रहे थे।

10 मिनट में घर आने की बात कहकर निकला था

परिजनों के अनुसार बुधवार रात होली मनाने के बाद देवा यादव अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ने गए थे। पत्नी को मायके छोड़ते समय उन्होंने घरवालों से कहा था कि वह करीब 10 मिनट में वापस लौट आएंगे, लेकिन देर रात तक भी वह घर नहीं पहुंचे।पत्नी ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। रात भर इंतजार करने के बाद गुरुवार सुबह परिवार के लोगों ने कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दे दी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने गांव के पास नाले में एक युवक का शव और बाइक पड़ी होने की सूचना दी।

नाले में बाइक के साथ पड़ा मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव और बाइक को नाले से बाहर निकलवाया। शव की पहचान देवा यादव के रूप में हुई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि देवा यादव का गांव के कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था। उन्हें शक है कि इसी रंजिश के चलते उनकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

बड़े भाई की हत्या हुई थी

मृतक देवेंद्र कुमार उर्फ देवा पांच भाइयों में से एक थे। परिवार के अनुसार करीब आठ साल पहले उनके एक बड़े भाई की भी हत्या हो चुकी है, जबकि एक अन्य भाई की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। देवा की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उनका कोई बच्चा नहीं था।

हत्या के विरोध में प्रदर्शन

पोस्टमार्टम के बाद जब देर शाम करीब पौने आठ बजे देवा का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी ने लोगों को समझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।