‘आई लव यू पापा’… प्रतीक यादव की मासूम बेटी के कार्ड ने सबको रुला दिया
मां अपर्णा यादव खुद गहरे दुख में थीं, लेकिन बार-बार बेटी को संभालने का प्रयास करती रहीं। बड़ी बहन प्रथमा भी वहां चुपचाप खड़ी रहकर छोटी बहन को ढांढस बंधाती नजर आईं। पूरे घाट पर शोक और संवेदना का माहौल छाया रहा। इस भावुक क्षण ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भीतर तक झकझोर दिया।

UP News : समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को गंगा नदी में विसर्जित की गईं। उत्तराखंड हरिद्वार के हरकी पैड़ी के वीआईपी घाट पर शनिवार को अस्थि विसर्जन के दौरान एक मार्मिक दृश्य ने माहौल को गहरे शोक में डुबो दिया। दिवंगत प्रतीक यादव की सात वर्षीय बेटी पद्मजा अपने पिता के लिए लखनऊ से हाथ से बनाया एक कार्ड साथ लाई थी, जिस पर बड़े अक्षरों में लिखा था- ‘आई लव यू पापा’। पूरे कर्मकांड के दौरान पद्मजा उस कार्ड को सीने से लगाए रही। कभी वह गंगा की ओर टकटकी लगाकर देखती, तो कभी फूट-फूटकर रो पड़ती। अंततः उसने कांपते हाथों से वह कार्ड भी गंगा में प्रवाहित कर दिया। यह दृश्य देख घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
मां अपर्णा यादव खुद गहरे दुख में थीं, लेकिन बार-बार बेटी को संभालने का प्रयास करती रहीं। बड़ी बहन प्रथमा भी चुपचाप खड़ी रहकर छोटी बहन को ढांढस बंधाती नजर आईं। वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के बीच पूरे घाट पर शोक और संवेदना का माहौल छाया रहा। इस भावुक क्षण ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भीतर तक झकझोर दिया। एक मासूम बेटी का अपने पिता के प्रति निष्कलुष प्रेम और बिछड़ने का दर्द लंबे समय तक लोगों के मन में बना रहा।
प्रतीक का परिवार एयरपोर्ट से सीधे हरिद्वार के वीआईवी घाट पर पहुंचा। वहां तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन और पिंडदान की प्रक्रिया संपन्न कराई। इसके बाद परिवारीजनों ने मां गंगा में अस्थियां प्रवाहित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की दोनों बेटियां फूट-फूट कर रोईं। अस्थि विसर्जन के दौरान योग गुरु बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
13 मई को सुबह प्रतीक का हुआ था निधन
प्रतीक यादव का बीती 13 मई की सुबह दिल और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के कारण निधन हो गया था। शारीरिक फिटनेस के शौकीन रहे प्रतीक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहना पसंद करते थे। प्रतीक की पत्नी और भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। जिस दिन प्रतीक का निधन हुआ उस दिन वह उत्तर प्रदेश में मौजूद नहीं थीं। पति के निधन की खबर पाकर वह वापस लौटी थीं। डॉक्टरों ने प्रतीक के निधन का कारण फेफड़ों की धमनियों में खून का एक बड़ा थक्का जम जाने और दिल-फेफड़ों का काम करना अचानक बंद होना बताया था। एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि था प्रतीक 'डीप वेन थ्रोम्बोसिस' (डीवीटी), 'पल्मोनरी एम्बोलिज्म' और हाल में दिल से जुड़ी दिक्कतों से जूझ रहे थे। प्रतीक पिछले पांच-छह सालों से हाइपरटेंशन और डीवीटी के मरीज थे। हाल में उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत और बेचैनी की शिकायत होने लगी थी। करीब तीन हफ्ते पहले ही उनमें पल्मोनरी एम्बोलिज्म का भी पता लगा था।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

