मेरी दो बेटियां हैं...मुस्कान ने लगाई कम सजा की गुहार; वकील बोले-दोषियों पर दया नहीं
मेरठ के नीला ड्रम कांड में बुधवार को मुस्कान-साहिल को फांसी की सजा सुना दी गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी के दौरान मुस्कान ने अपनी दो बेटियों का हवाला देते हुए कोर्ट से कम सजा देने की गुहार लगाई। अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा कि यह एक विरलतम श्रेणी का अपराध है। दोषियों के साथ दया नहीं की जा सकती।

मेरठ, प्रमुख संवाददाता। मेरठ के बहुचर्चित नीला ड्रम कांड में बुधवार को फैसला आ गया। अदालत ने सौरभ राजपूत की हत्यारी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई है। हालांकि सुनवाई के दौरान मुस्कान ने अपनी दो बेटियों का हवाला देते हुए कम सजा देने की गुहार लगाई थी। मुस्कान ने कहा कि मेरी दो बेटियां हैं। छोटी बेटी तो 11 महीने की ही है। उधर, अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा कि सौरभ राजपूत की हत्या को किसी उकसावे में नहीं, बल्कि प्लानिंग बनाकर अंजाम दिया गया। मुस्कान ने पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित किया। मुस्कान और साहिल का समाज में रहना खतरनाक है। उन्होंने इसे विरलतम श्रेणी का अपराध बताकर दोनों के लिए फांसी की मांग की। साथ ही कहा कि ऐसे आरोपियों पर नरमी दिखाना समाज के लिए घातक होगा। सुप्रीम कोर्ट के कुछ आदेशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कोर्ट खुद कहता है कि ऐसे दोषियों पर दया करने से न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कम होगा। अभियोजन ने साहिल और मुस्कान को फांसी देने की मांग की। जबकि बचाव पक्ष ने मुस्कान की दो बेटियों का हवाला देते हुए पहला अपराध बताकर कम सजा की मांग की। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड की सजा सुनाई।
कोर्ट में क्या-क्या हुआ?
जिला जज मेरठ अरविंद कुमार मिश्रा की कोर्ट में बुधवार सुबह करीब साहिल और मुस्कान की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पेशी हुई। कोर्ट ने दोनों से अलग अलग बातचीत की। पहले साहिल से उसकी शैक्षिक योग्यता के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह ग्रेजुएट है। फिर कोर्ट ने पूछा कि कोई गंभीर बीमारी तो नहीं है, तो साहिल ने मना कर दिया। इसके बाद सजा को लेकर कहा कि आज सजा सुनाई जानी है और बचाव-सफाई में कुछ कहना है तो कह सकते हैं, लेकिन साहिल ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। इसके बाद मुस्कान की पेशी हुई। मुस्कान से भी शैक्षिक योग्यता और बीमारी के बारे में पूछा गया। साथ ही पूछा कि पहले किसी अन्य अपराध में गिरफ्तारी या सजा हुई है तो मुस्कान ने मना कर दिया। मुस्कान ने कोर्ट से कहा कि मेरी दो बेटियां हैं। छोटी बेटी तो अभी 11 महीने की ही है। ऐसे में कम सजा देने की मांग की।
मुस्कान के कृत्य से युवा शादी से डरने लगे
अभियोजन और बचाव पक्ष के बीच बुधवार को कोर्ट में करीब सवा घंटे बहस हुई। अभियोजन ने साहिल और मुस्कान के अपराध को विरलतम श्रेणी का अपराध बताते हुए फांसी की मांग की। अभियोजन की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता(फौजदारी) केके चौबे और वादी पक्ष के अधिवक्ता विजय बहादुर ने कोर्ट में कहा कि मुस्कान और साहिल का समाज में रहना खतरनाक है। दोनों ने गंभीरतम श्रेणी का अपराध किया है। ऐसे अपराध में कोर्ट द्वारा सजा में नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। अधवक्ताओं ने कहाकि जब कोई अपराधी ऐसा अपराध करता है तो उसे मृत्युदंड का अपराध ही मिलना चाहिए, धनंजय चटर्जी-1994 केस का हवाला भी दिया। उन्होंने कहा कि मुस्कान और साहिल ने जिस तरह से हत्या की उसके बाद से लोगों में खौफ है। कई युवा अब शादी के नाम से डरने लगे हैं। इस घटना के बाद किसी महिला ने पति को सांप से डसवा कर मारा, किसी ने ऊंचाई से धक्का दिया और किसी ने नीले ड्रम में भरने की धमकी दी। समाज में गलत उदाहरण पेश किया जा रहा है।
नीला ड्रम दुनिया में हुआ चर्चित, रिश्तों में धोखे का सिंबल बना
अभियोजन ने कहा कि इस हत्याकांड के बाद नीला ड्रम देश ही नहीं, पूरी दुनिया में चर्चित हो गया। नीला ड्रम बिकना बंद हो गया, यह रिश्तों में धोखे सिंबल बन गया। दोनों आरोपी दो बार कोर्ट में पेश कराए गए जबकि बाकी सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई। कभी भी मुस्कान और साहिल के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं दिखा और न ही उन्होंने कभी ऐसी बात कही। उल्टा वे कत्ल से ही इंकार करते रहे। मुस्कान के परिवार का कोई सदस्य पिछले डेढ़ साल में उससे जेल मिलने नहीं आया। मुस्कान की बड़ी बेटी को परिजन उससे दूर रखना चाहते हैं। दोनों आरोपियों की ओर से कोई निजी वकील भी नहीं रखा गया है। वहीं, बचाव पक्ष की अधिवक्ता रेखा जैन ने कोर्ट में कहा कि मुस्कान और साहिल का कोई पुराना अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मुस्कान की दो बेटियां हैं और एक बच्ची तो बहुत छोटी है। ऐसे में उन्होंने कोर्ट से कम सजा देने की मांग की। हालांकि कोर्ट ने घटना को विरलतम अपराध माना और मुस्कान-साहिल को मृत्युदंड की सजा सुनाई।
हत्या के बाद घूमने जाने को कातिलों की मानसिकता से जोड़ा
अभियोजन ने कोर्ट में बताया कि सौरभ राजपूत की हत्या उकसावे में नहीं की गई, बल्कि पूरी प्लानिंग बनाकर की गई। कत्ल करके लाश के टुकड़े किए और कटे हुए सिर को बैग में लेकर आरोपी घूमते रहे। इसके बाद लाश को सीमेंट में जमा दिया गया। इतना ही नहीं, कत्ल करने के बाद कोई पछतावा भी नहीं था और मुस्कान-साहिल हिल स्टेशन पर घूमने चले गए। ऐसे में पूरा घटनाक्रम इन कातिलों की क्रूर मानसिकता को दर्शाता है। पिछले डेढ़ साल में दोनों कातिलों ने जेल में जो समय गुजारा उसमें भी दोनों के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं है। जिस समय इन्हें जेल भेजा गया था उस समय और आज की फोटो का मिलान करके देख लीजिये अब इनकी सेहत में सुधार है।

