
रामपुर में टिकट दिलवा नहीं सका, मुरादाबाद का कैसे कटवा दूंगा; नदवी-एसटी हसन पर बोले आजम
संक्षेप: जमानत पर रिहा हुए सपा नेता आजम खान ने लोकसभा चुनाव टिकट पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में मैं रामपुर का टिकट तक अपनी मर्जी से किसी को नहीं दिलवा पाया, तो मुरादाबाद में किसी का टिकट कटवाने का सवाल ही नहीं उठता।
23 महीने बाद सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा हुए आजम खान सुर्खियों में बने हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने एक इंटरव्यू में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बड़ा बयान दिया है। आजम खान ने साफ कहा कि एसटी हसन की शिकायत है कि मैंने उनका टिकट कटवा दिया। आपकी समझ में आती है यह बात? मैं रामपुर से किसी और को चाहता था, नाम भी था। नहीं मिला ठीक है। मोहिबुल्लाह नदवी का नाम लिये बगैर कहा कि पार्टी का फैसला था उन्हें मिल गया। तो बताइए मुरादाबाद में मैं किसी का टिकट कैसे कटवा सकता हूं?
आजम खान ने कहा कि मैं बिल्कुल साफ-सुथरा आदमी हूं। दिल से सियासत करता हूं, दिमाग से करता ही नहीं। दिमाग से करता होता तो ये हश्र होता, ये अंजाम होता? मेरे तो दिल के रिश्ते हैं उस खानदान से। मेरा दिल नहीं दुखना चाहिए।
आज़म खान ने 2009 का उदाहरण भी दिया। उस समय रामपुर से अभिनेत्री जया प्रदा को टिकट दिया गया था, जिसका उन्होंने विरोध किया था। उन्होंने कहा कि तब भी मैंने मुखालफत नहीं की थी और अब भी मुखालफत नहीं की। लेकिन अब उस जीत को मेरी हार न समझा जाए। बात खराब हो जाएगी। बहुत खराब हो जाएगी।
दरअसल, 2019 से 2024 तक मुरादाबाद के सांसद रहे एसटी हसन का आरोप था कि उनका टिकट आज़म खान ने कटवाकर रूचि वीरा को दिलवाया था। बाद में रूचि वीरा ने वहां से जीत हासिल की थी। वहीं, रामपुर में भी चर्चा रही कि आज़म खान अपने करीबी को टिकट दिलवाना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने मोहिबुल्ला नदवी को उम्मीदवार बनाया।





