1700 किमी दूर भागकर भी नहीं बच सके चोर, 12 करोड़ के सोना-चांदी के साथ दबोचे गए पति-पत्नी और साली
तेलंगाना में करोड़ों रुपये के सोने-चांदी की चोरी को अंजाम देकर नेपाल भागने की फिराक में लगे एक शातिर गिरोह को रामपुर पुलिस ने धर दबोचा। उनके पास से सात किलो सोना और एक किलो पचास ग्राम चांदी बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस सोने की कीमत 12 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

UP News: तेलंगाना में करोड़ों रुपये के सोने-चांदी की सनसनीखेज चोरी को अंजाम देकर नेपाल भागने की फिराक में लगे एक शातिर गिरोह को रामपुर की पुलिस के चंगुल में फंस गए। पुलिस ने मंगलवार को उत्तराखंड बार्डर से नेपाली पति-पत्नी और उसकी साली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया सात किलोग्राम सोना और एक किलो पचास ग्राम चांदी बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस सोने की कीमत 12 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रामपुर की बिलासपुर थाना पुलिस को तेलंगाना पुलिस से सूचना मिली थी कि तेलंगाना से भारी मात्रा में सोना चुराकर कुछ अंतरराष्ट्रीय तस्कर या चोर उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे हैं। वह सभी रोडवेज बस में सवार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक रोडवेज बस को रोका गया, जिसमें सवार पति-पत्नी और साली पुलिस को देखकर घबराने लगे।
नेपाल के रहने वाले हैं चोर
जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ के साथ तलाशी ली तो उनके पास से भारी मात्रा में सोने के आभूषण और चांदी बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस तीनों को पकड़कर बिलासपुर थाने ले आई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम नेपाल के जिला कईलाली के मोतीपुरा थाना क्षेत्र के पलिया गांव निवासी कमल, नेपाल के अच्छा राज्य मंगलसैन के रहने वाले कल्पना और कमल की पत्नी विमला बताया।
1700 किलोमीटर दूर आकर भी नहीं बच सके चोर
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने तेलंगाना में इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए वे करीब 1700 किलोमीटर दूर रामपुर तक पहुंच गए थे। इनका इरादा यहां से उत्तराखंड बॉर्डर पार कर नेपाल में शरण लेने और चोरी का माल ठिकाने लगाने का था। रामपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नेपाल सीमा में दाखिल होने से ठीक पहले इन्हें दबोच लिया। पुलिस अब तेलंगाना पुलिस से संपर्क कर आरोपियों के आपराधिक इतिहास और चोरी की इस वारदात के अन्य कड़ियों को खंगालने में जुट गई है।
12 करोड़ का सोना-चांदी बरामद
इस मामले में एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया कि तेलंगाना से सोना-चांदी चोरी कर नेपाल जा रहे आरोपियों को बिलासपुर पुलिस ने पकड़ लिया। इनके पास से करीब 12 करोड़ रुपये कीमत का सोना-चांदी बरामद हुआ है। चोरी की घटना तेलंगाना में हुई थी। वहां की पुलिस भी आई है। पूछताछ के बाद अन्य साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है।


