
करवाचौथ पर पत्नी से हुआ झगड़ा तो रेल की पटरियों पर लेट गया पति, दौड़े-दौड़े पहुंची पुलिस; जानें फिर
युवक करवाचौथ मनाने शुक्रवार को ससुराल गया था, जहां पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद उसने नशे में धुत होकर आत्मघाती कदम उठाने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर लेट गया था। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बताया कि युवक पूरी तरह नशे में था। पूछताछ में उसने बताया कि वह इसी थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।
करवाचौथ पर जब घर-घर में पूजा-पाठ चल रहा था तो गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में लुचुई रेलवे ओवरब्रिज के पास अचानक हड़कंप मच गया। लोगों ने एक युवक को रेलवे लाइन पर लेटे देखा। किसी ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पीआरवी पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर ट्रैक से हटाकर थाने ले गई। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि युवक का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। पत्नी से नाराज होकर वह खुदकुशी करने के मकसद से रेलवे ट्रैक पर आ गया था।

थाने पर पूछताछ में युवक ने बताया कि वह करवाचौथ मनाने शुक्रवार को ससुराल गया था, जहां पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद उसने नशे में धुत होकर आत्मघाती कदम उठाने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर लेट गया था। पीआरवी पर तैनात उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, सिपाही राकेश सिंह और रूद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक पूरी तरह नशे में था। पूछताछ में उसने बताया कि वह इसी थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।
पत्नी के मायके चले जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था। उसने कहा कि उसके तीन बच्चे भी हैं। हाल ही में पत्नी का ऑपरेशन हुआ था। विवाद के बाद वह अकेलेपन और तनाव में यह कदम उठाने जा रहा था। पुलिस ने समझा-बुझाकर युवक को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजन उसे घर ले गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस ने तेज की गश्त
उधर, धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गई है। शनिवार की शाम पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी ने थाना कैंट क्षेत्र के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एसपी सिटी ने बाजारों, मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और पूजा स्थलों का निरीक्षण करते हुए प्रभारी निरीक्षक कैंट को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्थिति में अफरा-तफरी या जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्धों पर नजर रखने और बाजारों में मौजूद एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति उनका फीडबैक भी लिया।





