सऊदी में पति, मायके में पत्नी ने सुसाइड किया; खुदकुशी से पहले परिजनों को बताए ससुरालियों के सितम
बहराइच के जरवलरोड थाना क्षेत्र के हरचंदा गांव में मायके में रह रही 22 वर्षीय रूही बेगम का शव घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले रूही को घर से निकाल दिया गया था।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के जरवलरोड थाना क्षेत्र के हरचंदा गांव में मायके में रह रही 22 वर्षीय विवाहिता का शव रविवार देर रात घर के अंदर छत के कुंडे से फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृतका की पहचान रूही बेगम (22) के रूप में हुई है। उसके पिता अकलीम खान ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले रूही का विवाह निकटवर्ती गांव लुहारन पुरवा निवासी मोहम्मद राशिद पुत्र भट्टू के साथ हुआ था। वर्तमान में राशिद रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रह रहा है।
ससुरालियों पर रूही को प्रताड़ित करने के आरोप
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही रूही को उसके ससुराल पक्ष के लोग लगातार प्रताड़ित करते थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। आरोप है कि कुछ दिन पहले ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वह मायके आकर रहने लगी थी। परिजनों के मुताबिक, मायके पहुंचने के बाद रूही ने अपने साथ हुई प्रताड़ना की पूरी जानकारी दी थी। ससुराल में हुए व्यवहार से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। रविवार देर रात उसने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर जरवलरोड थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पड़ोसी हुमायू खान से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


