पति का चेहरा कटा, पत्नी का पैर, बेटी भी घायल; लखनऊ में फिर दिखा चाइनीज मांझे का कहर

sandeep हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ में खतरनाक मांझे से बाइक सवार का गला कट गया, जिससे बाइक पलट गई। हादसे में पत्नी का पैर टूट गया और बेटी घायल हुई। तीनों अस्पताल में भर्ती हैं, पति-पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पति का चेहरा कटा, पत्नी का पैर, बेटी भी घायल; लखनऊ में फिर दिखा चाइनीज मांझे का कहर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद भी पुलिस-प्रशासन खतरनाक मांझे की बिक्री और प्रयोग पर प्रतिबंध नहीं लगा पा रहा है। इस वजह से लखनऊ में बुधवार शाम पुरनिया फ्लाईओवर पर एक और हादसा हो गया। खतरनाक मांझे की रगड़ से मड़ियांव के केशवनगर निवासी बाइक सवार नवमी लाल उर्फ राम नयन का गला और चेहरा कट गया। हादसे के बाद अनियंत्रित हुई बाइक पलट गई, जिससे उनकी पत्नी का पैर टूट गया और बेटी भी घायल हो गई। राहगीरों की मदद से तीनों को ई-रिक्शा से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चाइनीज मांझे से पति-पत्नी और बेटी घायल

नवमी लाल उर्फ राम नयन प्राइवेट काम करते हैं। शाम को वह पत्नी और बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पुरनिया फ्लाईओवर पर एकाएक मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। खिंचाव से गले और चेहरे पर कट लग गया। गले से खून निकलने लगा। बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा कर पलट गई। इस हादसे में राम नयन के साथ ही उनकी पत्नी और बेटी भी घायल हो गईं। पत्नी का पैर टूट गया। चीख पुकार सुनकर दौड़े राहगीर अब्दुला व अन्य ने आनन-फानन में तीनों को उठाया।

Voice of UP

खून रोकने के लिए रामनयन के गले में गमछा बांधा। गिरने से घुटने छिल गए थे। उनमें घाव हो गया था। दुपट्टे से घुटने बांधे। एक राहगीर रिक्शे को रोका। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। घायलों को ई-रिक्शे पर बैठाया। इस बीच अलीगंज पुलिस भी आ गई। राहगीर रामनयन, उनकी पत्नी और बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में रामनयन और उनकी पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद लोग बनाने लगे वीडियो

हादसे के बाद सड़क पर पड़े लोगों को अब्दुल्ला व कई अन्य राहगीरों ने उठाया। उन्हें गोद में उठाकर ई-रिक्शा पर बैठाया। वहीं, अन्य लोग खड़े हुए वीडियो बना रहे थे। हादसे के कारण पुरनिया पुल पर जाम लग गया था। सड़क पर खून फैला था। इंस्पेक्टर अलीगंज अशोक सोनकर ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। खतरनाक मांझा बांधकर पतंग उड़ाने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। रामनयन ने बताया कि वह बेटी की किताबें लेकर बाजार से लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।

गैर इरादतन हत्या समेत कई मुकदमे, गिरफ्तारी एक नहीं

शहर में मांझे से हुए हादसों के मामले में अब तक गैर इरादतन हत्या समेत तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं पर गिरफ्तारी एक भी मामले में नहीं हो सकी है। चार फरवरी को हैदरगंज ओवरब्रिज पर गर्दन कटने से एमआर मो.शोएब की मौत हुई थी। बाजारखाला थाने में अज्ञात के खिलाफ केस हुआ था। वहीं, 14 फरवरी नाका फ्लाईओवर पर मांझे से मो. मुशर्रफ की गर्दन कटी थी। हुसैनगंज कोतवाली में केस दर्ज हुआ था। 22 फरवरी को केजीएमयू के डॉक्टर दीपक जख्मी हुए थे। चौक में मुकदमा हुआ था।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।