विदाई पर पंचायत के बाद भड़का पति; चाकू से पत्नी को गोदा, बचाने आई सास पर भी हमला
गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में पत्नी की विदाई को लेकर पंचायत के कुछ घंटे बाद पति ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी की हालत गंभीर है और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के लंगड़ी गुलरिहा गांव में पत्नी की विदाई को लेकर हुई पंचायत के कुछ घंटे बाद पति ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बचाने पहुंची सास भी जख्मी हो गईं। दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार, चिलुआताल थाना क्षेत्र के हिंदुस्तान प्रेस गली, मोहरीपुर निवासी विनोद की शादी करीब 13 वर्ष पहले लंगड़ी गुलरिहा निवासी ललिता से हुई थी। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं।
पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रहती थी ललिता
बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते ललिता अक्सर अपने मायके में रहती थी, जिससे विनोद नाराज रहता था। बुधवार दोपहर विनोद कुछ लोगों के साथ पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, जिसमें रविवार को विदाई कराने पर सहमति बनी। इसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए। आरोप है कि पंचायत के कुछ घंटे बाद रात करीब आठ बजे विनोद ने रास्ते में एक ठेले से सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और फिर ससुराल पहुंच गया। उस समय बिजली गुल थी और ललिता अपनी मां पोतनी के साथ घर की छत पर सो रही थी। वहां पहुंचने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
विनोद ने ललिता के पेट में चाकू मारा
इसी दौरान विनोद ने चाकू निकालकर ललिता के पेट में वार कर दिया। बेटी को बचाने पहुंची मां पोतनी भी चाकू लगने से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजवाया। चिकित्सकों के अनुसार ललिता की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि पोतनी का उपचार चल रहा है। घायल ललिता की भाभी शबनम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विनोद के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


