हम बहुत छोटा महसूस कर रहे, राम मंदिर दान चोरी पर नृपेंद्र मिश्र; बोले- ये कलंक…

वरिष्ठ संवाददाता, अयोध्या
Follow us on Google News
share

Ram Mandir Controversy : श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने एक बार फिर राम मंदिर दान चाेरी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि यह अपने आप में एक कलंक है। इस घटना से हम सब बहुत छोटा महसूस कर रहे हैं। भविष्य में ऐसी चीज कभी नहीं होनी चाहिए।

hum bahut chhota mahsoos kar rahe hain nripendra mishra said on ram mandir dan chori

Ram Mandir Controversy : श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा शुक्रवार को निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने अयोध्या पहुंचे। सर्किट हाउस में शनिवार सुबह मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राम मंदिर में सामने आए चढ़ावा प्रकरण पर कहा कि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज ने भी इसे "कलंक" बताया है। उन्होंने कहा, "यह अपने आप में एक कलंक है। हम सभी अपने आप को छोटा महसूस कर रहे हैं। उम्मीद है कि अब व्यवस्थाओं में सुधार होगा और ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होगी।"

मंदिर निर्माण की प्रगति पर उन्होंने बताया कि पुराने मंदिर स्मारक का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब वहां 24 घंटे अखंड ज्योति जलाने की व्यवस्था की जा रही है। हुतात्मा स्मारक जुलाई के अंत तक तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई तक राम मंदिर परिसर के लगभग सभी निर्माण कार्य पूरे हो जाएंगे। केवल चार किलोमीटर लंबी परकोटा (बाउंड्री वॉल) का कार्य शेष रहेगा, जिसे 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा ऑडिटोरियम का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रस्तावित रामकथा संग्रहालय के लिए 20 गैलरियों की स्टोरी लाइन तैयार कर ली गई है। इनमें प्रदर्शित किए जाने वाले वीडियो और प्रस्तुतीकरण के स्वरूप पर आज और कल होने वाली बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है और अंतिम निर्णय वही समिति करेगी।

गोपाल राव 15 तक ट्रस्ट का कामकाज संभालेंगे

वहीं, ट्रस्ट में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में अब तक कार्यरत रहे विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल राव ने कहा है कि वह 15 जुलाई तक ट्रस्ट के कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़े रहेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी ने उन्हें नई व्यवस्था विकसित होने तक कामकाज देखने के लिए कहा है।

एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में गोपाल राव ने कहा कि वित्तीय कार्यों को छोड़कर निर्माण और अन्य जिन दायित्वों का वह अब तक निर्वहन करते रहे हैं, उन्हें 15 जुलाई तक निभाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल ही में ट्रस्ट में नए महासचिव ने कार्यभार संभाला है और वे अभी ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को समझ रहे हैं। ऐसे में उन्हें नए महासचिव के सहयोग का निर्देश मिला है। राम मंदिर के हित और कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से वह निर्धारित अवधि तक सक्रिय रहेंगे।

यलो जोन पास का मामला उठा, जांच व एफआईआर की मांग

उधर, मंदिर की सुरक्षा से जुड़े येलो जोन पास में कथित अनियमितता को लेकर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक नगर, अयोध्या को संबोधित शिकायत उनके प्रतिनिधि के माध्यम से नगर कोतवाल को सौंपी। शिकायत में कहा गया है कि खबरों के मुताबिक गोपाल राव उर्फ गोपाल नागरकट्टे के वाहन पर लगे येलो जोन पास में नाम ‘गोपाल राव’ और पद ‘ट्रस्ट सहयोगी, श्रीरामजन्मभूमि’ अंकित है, जबकि उस पर लगी तस्वीर किसी अन्य व्यक्ति की बताई जा रही है।सुरक्षा पास पर नाम और फोटो में कथित भिन्नता को सामान्य प्रशासनिक त्रुटि नहीं माना जा सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि पास जारी करते समय सत्यापन प्रक्रिया में चूक हुई, किसी ने गलत जानकारी देकर पास हासिल किया या बाद में दस्तावेज से छेड़छाड़ की गई। इन सभी बिंदुओं की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच आवश्यक है। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि येलो जोन पास के आवेदन, सत्यापन, अनुमोदन और निर्गमन की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच हो।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।