एक लाख नौकरी कैसे देंगे, अब दिन ही कितने... CM योगी की घोषणा पर अखिलेश का तंज

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

अखिलेश यादव ने सीएम योगी के एक लाख नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनवरी के बाद आचार संहिता लग जाएगी, फिर नौकरी कैसे देंगे। रक्षाबंधन पर फ्री बसों के दावे पर भी तंज कसा। उन्होंने स्कूल बंद करने और सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया।

एक लाख नौकरी कैसे देंगे, अब दिन ही कितने... CM योगी की घोषणा पर अखिलेश का तंज
Samajwadi Party national president Akhilesh Yadav addresses a press conference at party office, in Lucknow (ANI Photo)

मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ के एक लाख नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाते हुए समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखि‍लेश यादव ने न‍िशाना साधा। उन्होने कहा कि ‘’जनवरी के बाद तो अचार संह‍िता लग जाएगी, कैसे देंगे एक लाख नौकरी। और जैसे सरकार के लोग लूट रहे हैं दोनों हाथों से, उससे तो लगता है चुनाव ज्‍यादा करीब आ गया है''। वहीं, रक्षाबंधन पर फ्री बसों की सुव‍ि‍धा पर भी तंज कसते हुए कहा कि ‘’हमारी माताए-बहनें इंतजार करती रह गई की फ्री बस कब आएगी? कहीं भी फ्री बस नहीं मिली त्योहार पर, सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं दवाई नहीं, स्कूल बंद किए 26000, क्योंक‍ि पीडीए समाज इन स्कूलों में पढ़ते थे। ये लोग नहीं चाहते क‍ि पीडीए, आदिवासी समाज पढ़े।

भाजपा पर अखिलेश का निशाना

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और नमामि गंगे जैसी योजनाओं में भारी लूट हुई है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह पानी की टंकियां गिर रही हैं। पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कें और रास्ते खोद दिए गए हैं। ऐसा लगता है कि खोदाई पांच कालीदास मार्ग तक पहुंच गई है। अखिलेश ने रघुवंशी और खंगार समाज को भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाज की आबादी के हिसाब से उन्हें हक, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दी जाएगी।

सरकार बनने पर 3 महीने पर जातीय गणना कराएंगे

उन्होंने कहा कि इन बिरादरियों की सही गिनती नहीं हो पाती है। सपा सरकार बनने पर जातीय गणना कराकर आबादी के अनुपात में योजनाओं और अधिकारों का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना के मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं है। यदि सपा की सरकार बनती है तो तीन महीने के भीतर जातीय गणना कराने का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से सपा का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार बनने पर उन्हें राजनीतिक सम्मान और उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

पुलिसिया मारपीठ का मुद्दा उठाया

अखिलेश ने मेरठ के किसान नेताओं दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में कानून का राज होता तो संबंधित आईपीएस अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होता। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी को नौकरी नहीं करनी चाहिए और सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। सपा सरकार बनने पर दोनों को न्याय और सम्मान दिलाया जाएगा।

40 हजार की आर्थिक मदद का वादा दोहराया

उन्होंने महिलाओं को 40 हजार रुपये देने, सपा पेंशन 500 रुपये करने और कन्या विद्याधन योजना शुरू करने के वादे भी दोहराए। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर समाज के लोगों को राजनीतिक हिस्सेदारी के साथ सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने बिहार और महाराष्ट्र का भी जिक्र किया। कहा कि बिहार में लोग उन्हें खोज रहे हैं और महाराष्ट्र में एफआईआर कराने की तैयारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में सपा की योजनाओं और नीतियों की नकल की गई है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsएक लाख नौकरी कैसे देंगे, अब दिन ही कितने... CM योगी की घोषणा पर अखिलेश का तंज