राजभर समाज को कितना सताएगा आपका पीडीए; ओम प्रकाश ने एक बार फिर अखिलेश पर कसा तंज
ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने एक पोस्ट कर पूछा कि पीडीए राजभर समाज को कितना सताएगा? ऐसा लगता है कि पीडीए ने तो राजभर समाज के सफाए का ठेका ही ले लिया है।

UP News: सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने रविवार को एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई पोस्ट में पूछा है कि आपका पीडीए राजभर समाज को कितना सताएगा? ऐसा लगता है कि आपके पीडीए ने तो राजभर समाज के सफाए का ठेका ही ले लिया है।
ओम प्रकाश ने कहा कि आप तो दिनरात रट्टू तोता की तरह पीडीए-पीडीए की माला जपते रहते हैं, लेकिन आपके लोग राजभर समाज के लोगों का गला घोटने में सबसे आगे हैं। 26 जनवरी 2025 को श्रावस्ती के पूरेमंशाराम में संजय राजभर की हत्या हुई, उसका आरोपी यादव बिरादरी से था। 16 जनवरी 2026 को जौनपुर के खेतासराय में सुनील राजभर की हत्या हुई, जीशान पर केस दर्ज हुआ। ये भी आपके पीडीए से हैं। 14 फरवरी को महराजगंज के श्यामदेउरवा में 15 साल के अंकुश राजभर की हत्या हुई, पड़ोसी रामनरेश यादव और उसका परिवार शामिल रहा। 28 मार्च को बाराबंकी के टिकैतनगर में बबलू राजभर को बांके से उसके पड़ोसी शंकर यादव ने काट डाला।
उन्होंने कहा है कि 20 अप्रैल को देवरिया भटनी में सूरज राजभर को अशोक यादव ने मार डाला। 29 मई को मऊ के हलधरपुर में राजजनम राजभर को रामबदन यादव और उसके पांच साथियों ने मार डाला। राजभर ने किसी भी आपराधिक मामले में यादव व अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखने वालों का नाम सामने आने पर चुप्पी साध लेने का भी आरोप लगाया है।
पांच दिनों में आपके वोटरों ने की गरीबों-ओबीसी की हत्याएं
इससे पहले ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने दो टूक कहा कि मैं धमकी से नहीं डरता हूं। मैं अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाता था, उठाता हूं और उठाता रहूंगा। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीबों, बहुजनों, आम नागरिकों और गैर-यादव ओबीसी वर्ग के खिलाफ आपके वोटर पिछले पांच दिन में पांच बड़ी वारदातें कर चुके हैं और आप चाहते हैं कि मैं चुप रहूं? यह नहीं हो सकता है।
राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई पोस्ट में अखिलेश पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा विधायक महाराजी प्रजापति से मारपीट, चंदौली में महिला सपा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल से मारपीट, रामजनम राजभर की हत्या, धनराज मौर्य और सूर्या चौहान और अभी लखनऊ में संदीप सिंह की निर्मम हत्या हुई और आपको पता है कि ये कांड करने वाले लोग कौन हैं। राजभर ने आरोपियों को अखिलेश का शागिर्द बताया। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि इनमें से किसी के लिए आपने कुछ नहीं कहा। न घायलों को ढांढस बंधाया और न ही मृतकों को सांत्वना दी। ऐसी घटनाओं पर चुप्पी से आप हम बहुजनों और गैर यादव पिछड़ा समाज के चित से उतर चुके हैं। क्या इन निर्मम हत्याओं को सुनकर आपका दिल नहीं दुखता?
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

