गोरखपुर की गरिमा सिंह के कितने शिकार? 2 और FIR; 6 बैंकों के अधिकारियों-कर्मचारियों के भी नाम
डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने 17 अगस्त को पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गरिमा सिंह दूर की रिश्तेदार होने के कारण अक्सर उनके घर आती-जाती थी। उनका पहले से कार लोन चल रहा था। आरोप है कि गरिमा ने भरोसा दिलाया कि वह उनका कार लोन माफ करा देगी। इसी दौरान उनके नाम पर करीब 1.37 करोड़ रुपये का लोन करा लिया।

लोन माफ कराने और नया लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की आरोपी गरिमा सिंह और उसके गिरोह के कई लोग शिकार हुए हैं। एक-एक करके वे लोग सामने आने आ रहे हैं। गरिमा और उसके गिरोह के खिलाफ दो और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उसके खिलाफ अब तक नौ केस दर्ज हो चुके हैं। नए मुकदमे एम्स और महराजगंज के घुघली थाने में दर्ज कराए गए हैं। घुघली थाने में दर्ज मुकदमे में गरिमा सिंह और उसके साथियों के अलावा छह बैंकों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया गया है।
महराजगंज के घुघली क्षेत्र के बारीगांव हरखी निवासी डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने 17 अगस्त को पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह महराजगंज के बरगदवां में पशु चिकित्साधिकारी के पद पर तैनात हैं। गरिमा सिंह दूर की रिश्तेदार होने के कारण अक्सर उनके घर आती-जाती थी। उनका पहले से कार लोन चल रहा था। आरोप है कि गरिमा ने भरोसा दिलाया कि वह उनका कार लोन माफ करा देगी। इसी दौरान गरिमा और उसके साथियों ने उनके नाम पर करीब 1.37 करोड़ रुपये का लोन करा लिया।
इनके खिलाफ हुआ केस
मामले में घुघली पुलिस ने गरिमा सिंह, ध्रुव नारायण सिंह, विशाल यादव, साधना मल्ल, मोहन सिंह, दिनकर मणि त्रिपाठी और भानू प्रताप सिंह के साथ ही बंधन बैंक, चोला मंडलम, यस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एम्स थाने में स्टेशन अधीक्षक से 45 लाख की ठगी का केस
स्टेशन अधीक्षक ब्रह्मानंद सिंह ने एम्स थाने में दी गई तहरीर में अपने नाम पर 45 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गरिमा सिंह, ध्रुव नारायण सिंह, भानू प्रताप सिंह, विशाल यादव, चंद्र प्रकाश और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अब तक ये नौ मुकदमे दर्ज किए गए
-1 अगस्त को एम्स थाने में गोरखपुर जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने 1.67 करोड़ रुपये की ठगी का केस दर्ज कराया।
-5 अगस्त को पशु चिकित्सक परमात्मा सिंह ने एम्स थाने में 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का केस दर्ज कराया।
-5 अगस्त को ही सहजनवा थाने में स्टेशन अधीक्षक संदीप पांडेय ने 60 लाख रुपये की ठगी की एफआईआर दर्ज कराई।
-9 अगस्त को स्टेशन अधीक्षक मोहन सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में 93.20 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ।
-13 अगस्त को गोरखनाथ थाने में गरिमा और उसके गिरोह के खिलाफ डॉक्टर के भाई को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ।
-14 अगस्त को टीटी अभिमन्यु कुमार ने शाहपुर थाने में 52.29 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई।
-16 अगस्त को शिक्षक सुग्रीव सिंह ने 83.87 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए तिवारीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
-17 अगस्त को डॉ. दिलीप सिंह ने महराजगंज के घुघली थाने में 1.37 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई।
-18 अगस्त को स्टेशन अधीक्षक ब्रह्मानंद सिंह ने एम्स थाने में 45 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया।


