PNB करेंसी चेस्ट से 4 लाख निकालता दिखा हाउस कीपर अरेस्ट, 2 अफसरों की तलाश में ताबड़तोड़ छापे

संवाददाता, सहारनपुर
Follow us on Google News
share

सहारनपुर में पीएनबी की करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ के जाली नोट मिलने के मामले की जांच एनआईए कर रही है। एनआईए  को 2 बैंक अधिकारियों की तलाश है। ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है। इस बीच सहारपुर पुलिस ने उस हाउस कीपर को गिरफ्तार कर लिया है जो सीसीटीवी फुटेज में करेंसी चेस्ट से 4.33 लाख रुपए निकालता दिखा था।

housekeeper arrested for withdrawing 4 lakh from pnb currency chest fake notes case raids underway to nab 2 officers
PNB करेंसी चेस्ट से 4 लाख निकालने वाला हाउस कीपर अरेस्ट, 2 अफसरों की तलाश में ताबड़तोड़ छापे

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपए के जाली नोट मिलने के बाद से लगातार हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में सस्पेंड और फरार बैंक मैनेजर अमित कुमार को एनआईए ने पिछले दिनों चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था। इसके बाद से इस केस जांच में काफी तेजी आ गई है। मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) फरार चल रहे दो बैंक अफसरों की तलाश में ताबड़तोड़ छापे मार रही है। इस बीच सिविल लाइंस शाखा स्थित करेंसी चेस्ट से बंडलों में रखे 4.33 लाख रुपये के नोट निकालने के मामले में वांडेड आरोपी विशाल कुमार को सदर बाजार पुलिस नेगिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से मुकदमे से संबंधित 20,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे की तहरीर पर 29 अगस्त को बैंक के करेंसी चेस्ट परिसर से रुपये निकालने के आरोप में पार्ट-टाइम हाउस कीपर (पीटीएचके) विशाल कुमार और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने विशाल को छोटी रेलवे लाइन खंडहर क्वार्टर के सामने, रेलवे राशन डिपो के पास से पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पुत्र ब्रह्मपाल निवासी ग्राम बालेली, थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि बरामद 20,200 रुपये इसी मुकदमे से संबंधित हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

सीसीटीवी में रुपये निकालता दिखा था हाउस कीपर

करेंसी चेस्ट से रुपये निकाले जाने के मामले में सीसीटीवी फुटेज भी जांच का अहम आधार बनी है। जानकारी के मुताबिक, फुटेज में पार्ट-टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार नोटों की गड्डियों से रुपये निकालते दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 20,200 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है।

हाउस कीपर की गिरफ्तारी के बारे में एसएसपी ने दी ये जानकारी

सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से रुपये निकाले जाने के मामले में वांछित आरोपी हाउसकीपर विशाल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 20,200 रुपये बरामद हुए हैं। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

दो बैंक अफसरों की तलाश में दबिश

वहीं, पीएनबी करेंसी चेस्ट से जुड़े जाली नोट प्रकरण में दो बड़े बैंक अफसरों की तलाश तेज हो गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीमें मुख्य मंडल प्रबंधक रवि कांसे और करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार की तलाश में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। दोनों आरोपी अभी एनआईए की पकड़ से दूर हैं। वहीं, जगाधरी करेंसी चेस्ट के निलंबित प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

घंटाघर के सोफिया मार्केट स्थित पीएनबी करेंसी चेस्ट से जुड़े मामले की जांच एनआईए कर रही है। रवि कांसे और सुशील कुमार के फरार होने के बाद जांच एजेंसी ने उनके परिजन, रिश्तेदारों और करीबियों से पूछताछ तेज कर दी है। दोनों के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनके संभावित ठिकानों तक पहुंचा जा सके। जांच का दायरा अब आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों तक भी पहुंच गया है। एनआईए बैंक खातों, चल-अचल संपत्ति और अन्य वित्तीय लेनदेन का ब्योरा जुटा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि प्रकरण से किसी तरह का आर्थिक फायदा या लेनदेन तो नहीं जुड़ा है। अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद मिले सुरागों के आधार पर रवि कांसे और सुशील कुमार की भूमिका भी खंगाली जा रही है। एनआईए की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

करीबियों से खुल सकता है फरारी का राज

एनआईए फरार आरोपियों के परिजनों, रिश्तेदारों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि फरारी के बाद दोनों ने किन लोगों से संपर्क किया और उनके संभावित ठिकाने कहां हो सकते हैं। जिन लोगों से दोनों के लगातार संपर्क में रहने की जानकारी मिली है, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। तकनीकी जांच से इन जानकारियों का मिलान किया जा रहा है।

निलंबित प्रबंधक की गिरफ्तारी से बढ़ी जांच की रफ्तार

जगाधरी करेंसी चेस्ट के निलंबित प्रबंधक अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद एनआईए को मामले से जुड़े नए सुराग मिलने की उम्मीद है। इन्हीं जानकारियों के आधार पर मुख्य मंडल प्रबंधक रवि कांसे और करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार की भूमिका की जांच की जा रही है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद नकली नोटों के पूरे मामले की तस्वीर और साफ होने की संभावना है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP NewsPNB करेंसी चेस्ट से 4 लाख निकालता दिखा हाउस कीपर अरेस्ट, 2 अफसरों के लिए छापे