Hindi NewsUP Newshouse to house electricity checking in sambhal at 5 am dm sp leads 12 teams 101 cases caught
तड़के 5 बजे DM-SP ने घर-घर कराई चेकिंग, संभल में बिजली चोरी पर सबसे बड़ा ऐक्शन ; 101 मामले दर्ज

तड़के 5 बजे DM-SP ने घर-घर कराई चेकिंग, संभल में बिजली चोरी पर सबसे बड़ा ऐक्शन ; 101 मामले दर्ज

संक्षेप:

डीएम-एसपी सुबह करीब 7 बजे खुद फोर्स के साथ संभल पहुंचे और दीपा सराय, रायसक्ती, नखासा व सरायतरीन इलाके में करीब तीन किलोमीटर पैदल निरीक्षण किया। अभियान के दौरान ड्रोन कैमरों से छतों, मस्जिदों और संदिग्ध परिसरों की निगरानी की गई। 500 से अधिक घरों की जांच की गई।

Jan 06, 2026 08:25 am ISTAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

यूपी के संभल में बिजली चोरी के खिलाफ सोमवार तड़के अब तक का सबसे सख्त अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और विद्युत विभाग की 12 संयुक्त टीमों ने सुबह पांच बजे एक साथ संभल, चंदौसी और गुन्नौर क्षेत्रों में छापेमारी की। अचानक शुरू हुए इस अभियान से दीपा सराय से सरायतरीन तक हड़कंप मच गया। मस्जिदों, मदरसों, घरों और व्यावसायिक परिसरों समेत कुल 101 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिन पर विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

डीएम-एसपी सुबह करीब पांच बजे स्वयं फोर्स के साथ संभल पहुंचे और दीपा सराय, रायसक्ती, नखासा व सरायतरीन इलाके में करीब तीन किलोमीटर पैदल निरीक्षण किया। अभियान के दौरान ड्रोन कैमरों से छतों, मस्जिदों और संदिग्ध परिसरों की निगरानी की गई। करीब 500 से अधिक घरों की जांच की गई, जिनमें 50 से ज्यादा घरों में अधिकारी स्वयं अंदर जाकर और छतों पर चढ़कर कनेक्शन चेक करते नजर आए। कई जगहों से अवैध कटिया हटवाई गईं, जबकि बड़ी संख्या में इमर्शन रॉड जब्त की गईं। जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।

दीपा सराय क्षेत्र में सांसद जियाउर्रहमान बर्क के आवास से करीब 400 मीटर दूर एक हॉल में 5–6 ई-रिक्शा अवैध रूप से चार्ज होते मिले। एक चार मंजिला मकान के अंदर मिनी पावर हाउस संचालित पाया गया। मुस्तफा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों, मदरसों और बहुमंजिला मकानों में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। कई घरों में मीटर ही नहीं लगे थे, फिर भी बेधड़क बिजली का इस्तेमाल हो रहा था। अभियान के दौरान संभल में 52, चंदौसी में 29 और गुन्नौर में 20 बिजली चोरी के मामले सामने आए। सभी मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

कार्रवाई के दौरान एडीएम प्रदीप वर्मा, अधीक्षण अभियंता हिमांशु वार्ष्णेय, एएसपी कुलदीप सिंह, अधिशासी अभियंता नवीन गौतम, सीओ आलोक भाटी, एसडीएम रामानुज, सीओ असमोली कुलदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार समेत कई थानों की पुलिस फोर्स और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

मिनी पावर स्टेशन का भंडाफोड़, 60 घरों को दे रहा था चोरी की बिजली

अभियान के दौरान एक अवैध मिनी पावर स्टेशन का भी पर्दाफाश हुआ। जांच में सामने आया कि एक ही सोर्स से 50 से 60 घरों को बिजली सप्लाई दी जा रही थी। गहराई से जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने भूमिगत (अंडरग्राउंड) केबलिंग के जरिए पूरा सिस्टम खड़ा कर रखा था, जिससे बिजली चोरी पकड़ना मुश्किल हो रहा था। यह अवैध व्यवस्था लंबे समय से संचालित की जा रही थी और इसके जरिए बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही थी। विभाग ने पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;