एक मिनट में 50 जूतियां मारीं; कानपुर में साइंटिस्ट को मां-बेटी ने पीटा, रेप का आरोप लगाया
कानपुर के घाटमपुर तहसील परिसर में एफएसएल के सीनियर साइंटिस्ट के साथ मां-बेटियों द्वारा मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। जमीन विवाद के मामले में कोर्ट पहुंचे वैज्ञानिक को कार से खींचकर जूतों से पीटा गया। एक मिनट में 50 जूतियां मारीं।

कानपुर के घाटमपुर तहसील परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में तैनात एक सीनियर साइंटिस्ट के साथ मां और दो बेटियों द्वारा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार में बैठे वैज्ञानिक को तीनों महिलाएं खींचकर बाहर निकालती हैं और जूतों से पीटती हैं। आरोप है कि करीब एक मिनट के भीतर 50 जूतियां मारी। आसपास मौजूद लोग “इसे बचाओ” कहते सुनाई देते हैं, लेकिन कोई भी आगे आकर बीच-बचाव नहीं करता। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी कुछ देर तक मारपीट होती रही। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
झांसी में तैनात है फॉरेंसिक साइंटिस्ट
बर्रा-दो निवासी संतोष कुरील ने बताया कि वह झांसी में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में सीनियर साइंटिस्ट पद पर तैनात हैं। उनके अनुसार, उनके रिश्तेदार कैलाश की चंवर गांव स्थित जमीन को रेउना क्षेत्र के एक गांव निवासी रेलकर्मी ने कथित रूप से धोखाधड़ी कर खरीद लिया था। आरोप है कि रेलकर्मी ने एग्रीमेंट कराने के नाम पर धोखे से बैनामा करा लिया और बाद में दाखिल-खारिज भी करवा लिया। इस मामले में संतोष ने पैरवी करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
उन्होंने बताया कि पहले इस मामले में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी, लेकिन अधिकारियों के आदेश पर दोबारा विवेचना शुरू की गई। इसी मामले की सुनवाई के लिए शनिवार को घाटमपुर सिविल कोर्ट (जूनियर डिवीजन) में तारीख लगी थी। कोर्ट में रेलकर्मी की पत्नी और उनकी बेटियां भी पहुंची थीं।
चैंबर में धमकाया, कार से खींचकर पीटा
संतोष का आरोप है कि कोर्ट परिसर में पहले तीनों महिलाएं उनके वकील के चैंबर में घुस गईं और उन्हें धमकाने लगीं। इसके बाद उन्होंने तहसील दिवस में भी शिकायत दी। संतोष के मुताबिक, जब वह कार में बैठकर निकलने लगे, तभी मां-बेटियों ने उन पर हमला कर दिया और कार से खींचकर मारपीट शुरू कर दी।
4 लाख कैश लिया, धमकाया और रेप किया
वहीं दूसरी ओर महिला ने वैज्ञानिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि संतोष ने समझौते के नाम पर उससे चार लाख रुपये लिए और धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म भी करता रहा। इसी वजह से गुस्से में आकर मारपीट की गई। हालांकि महिला की ओर से दर्ज दुष्कर्म के मामले में पहले ही पुलिस साक्ष्यों के अभाव में फाइनल रिपोर्ट लगा चुकी है।घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि वैज्ञानिक की ओर से तहरीर दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


