दोस्त के साथ हापुड़ गए हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, नाले में पड़ा मिला शव

दोस्त के साथ हापुड़ गए हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, नाले में पड़ा मिला शव

संक्षेप:

मेरठ के मुंडाली थानाक्षेत्र के जसौरा गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर सरताज की हापुड़ के सिंभावली थानाक्षेत्र में हत्या कर दी गई। लाश मंगलवार रात को आठ बजे बरामद की गई, जिसके बाद सिंभावली पुलिस ने ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Oct 15, 2025 08:20 pm ISTDinesh Rathour मेरठ/मुंडाली
share

मेरठ के मुंडाली थानाक्षेत्र के जसौरा गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर सरताज की हापुड़ के सिंभावली थानाक्षेत्र में हत्या कर दी गई। लाश मंगलवार रात को आठ बजे बरामद की गई, जिसके बाद सिंभावली पुलिस ने ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गोली मारकर हत्या करने की बात सामने आई है। हिस्ट्रीशीटर चार अक्टूबर को अपने दोस्त के साथ हापुड़ गया था और इसके बाद से ही लापता था। परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत की थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस सरताज के दोस्त की तलाश में लगी है। वहीं, देरशाम पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शव का दफीना कराया गया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मुंडाली के जसौरा गांव निवासी 35 वर्षीय सरताज पुत्र शौकीन थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। सरताज के खिलाफ 58 मुकदमे दर्ज हैं। चार अक्टूबर को सरताज को गांव निवासी दोस्त जुल्फकार पुत्र अजहर घर से बुलाकर ले गया था। बताया था कि बाबूगढ़ छावनी में एक आम के बाग का सौदा कराना है, जिसमें कमीशन मिलेगा। इसके बाद रात को जुल्फकार तो वापस आ गया, लेकिन सरताज घर नहीं आया। परिजनों ने पूछताछ की तो जुल्फकार ने बताया कि दोपहर को ही सरताज हापुड़ से वापस आ गया था। परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत मुंडाली पुलिस को दी थी।

वहीं, मंगलवार रात करीब आठ बजे सिंभावली थानाक्षेत्र के गांव शरीफपुर के बाहर मेरठ-हापुड़ के बार्डर पर नाले में एक युवक की लाश स्थानीय ग्रामीण ने देखी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नाले से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आसपास के जिलों में सूचना फ्लैश की गई तो मृतक की शिनाख्त सरताज के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर हापुड़ बुलाया गया। सरताज की गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई है। परिजन और ग्रामीण हापुड़ पहुंच गए और पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल परिजनों ने मुंडाली थाने में पुलिस को हत्या की तहरीर दी है और जुल्फकार पर हत्या करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, जुल्फकार घर से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया है। मुंडाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, सूत्रों की मानें तो पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपी पूछताछ के लिए उठाए हैं।

गांव में कराया गया दफीना

परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर शाम को गांव पहुंचे। इस दौरान गमगीन माहौल में दफीना कराया गया। सरताज के छह बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। भाइयों और परिजनों ने हत्या के खुलासे की मांग की है। वहीं, दूसरी ओर गांव में पुलिस ने डेरा डाल दिया है। फिलहाल स्थिति को देखते हुए चौकसी बढ़ाई है।

27 जून को चचेरे भाई का भी हुआ था कत्ल

27 जून 2025 को सरताज के चचेरे भाई माहिर(मेडिकल स्टोर संचालक) की गांव में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को बाइक सवार हमलावरों ने अंजाम दिया था। इस केस में आज तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। अब परिवार में तीन माह में ही परिवार में दूसरी हत्या को लेकर कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने दोनों हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया, सरताज का शव हापुड़ के सिंभावली थानाक्षेत्र में नाले में मिला था। परिजनों ने मुंडाली थाने में तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। खुलासे के लिए टीम को लगाया गया है।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour
दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। डिजिटल और प्रिंट जर्नलिज्म में 13 साल से अधिक का अनुभव है। लंबे समय तक प्रिन्ट में डेस्क पर रहे हैं। यूपी के कानपुर, बरेली, मुरादाबाद और राजस्थान के सीकर जिले में पत्रकारिता कर चुके हैं। भारतीय राजनीति के साथ सोशल और अन्य बीट पर काम करने का अनुभव। इसके साथ ही वायरल वीडियो पर बेहतर काम करने की समझ है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |