डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत का हाईकोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, दिया ये आदेश

लखनऊ, विधि संवाददाता
share

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत का हाईकोर्ट ने  स्वतः संज्ञान लिया। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के अधिवक्ता को निर्देश दिया कि वह बलरामपुर के डीएम और एसपी से घटना के संबंध में रिपोर्ट प्राप्त करें।

High Court
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच (फाइल फोटो)

हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने बलरामपुर में स्कूल के पास जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजने के दौरान कक्षा दो की छात्रा के कक्षा में गिरने और बाद में उसकी मृत्यु हो जाने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। न्यायालय ने ध्वनि प्रदूषण की बढ़ती समस्या और उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के पालन की स्थिति की जांच के लिए अलग से जनहित याचिका दर्ज करने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने राज्य सरकार के अधिवक्ता को निर्देश दिया कि वह बलरामपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से घटना के संबंध में रिपोर्ट प्राप्त करें।

बलरामपुर के भगौतीगंज स्थित सिटी पैलेस रोड के डिवाइन पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा 22 सितंबर को उस समय कक्षा में अचानक गिर गई, जब स्कूल के पास से गुजर रहे जुलूस में तेज आवाज में लाउडस्पीकर और डीजे बजाया जा रहा था। छात्रा को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की खबरें मीडिया में प्रकाशित हुई थीं। न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ प्रेसर हॉर्न, मोडिफ़ाइड साइलेंसर और हूटर के दुरुपयोग से संबंधित जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान न्यायालय ने छात्रा की मौत की घटना का भी संज्ञान लिया।

ध्वनि प्रदूषण के व्यापक मुद्दे पर न्यायालय के संज्ञान लेने के लिए पर्याप्त

साथ ही मामले की सुनवाई में कोर्ट को सहयोग देने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव मेहरोत्रा को न्याय मित्र नियुक्त किया है। हालांकि, न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रा की मौत के कारण पर उसने फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं दिया है। कोर्ट ने कहा कि यह तथ्य कि घटना के समय तेज आवाज में लाउडस्पीकर या संगीत बजाया जा रहा था और उसी समय बच्ची कक्षा में गिर गई, ध्वनि प्रदूषण के व्यापक मुद्दे पर न्यायालय के संज्ञान लेने के लिए पर्याप्त है।

स्कूल के कामकाज में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा

खंडपीठ ने चिंता जतायी कि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के स्पष्ट कानून होने के बावजूद यह समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है और नियमों के उल्लंघन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में यह देखना जरूरी है कि इस समस्या पर रोक लगाने की जिम्मेदारी किसकी है और इसके लिए क्या प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। न्यायालय ने कहा कि यदि मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है तो कानून के प्रावधानों के पालन की नियमित निगरानी के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करना होगा। न्यायालय ने उम्मीद जताई कि बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रशासन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया जाएगा। साथ ही किसी अधिकारी द्वारा स्कूल के कामकाज में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsडीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत का हाईकोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, दिया ये आदेश