धर्म की आजादी जमीन पर दावे का हक नहीं; कब्रिस्तान के लिए लैंड मांगने वाली याचिका खारिज
हाईकोर्ट ने एक आदेश में कहा है कि धर्म की आजादी के अधिकार के तहत किसी समुदाय को कब्रिस्तान बनाने के लिए स्थानीय निकाय की ज़मीन के किसी खास टुकड़े पर दावा करने का अधिकार नहीं मिलता। साथ ही कब्रिस्तान के लिए जमीन मांगने वाली याचिका न्यायालय ने खारिज कर दी।

विधि संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक आदेश में कहा है कि धर्म की आजादी के अधिकार (जिसमें धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अंतिम संस्कार करने का अधिकार भी शामिल है) के तहत किसी समुदाय को कब्रिस्तान बनाने के लिए स्थानीय निकाय की ज़मीन के किसी खास टुकड़े पर दावा करने का अधिकार नहीं मिलता।
यह टिप्पणी न्यायमूर्ति जेजे मुनीर एवं न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ल की खंडपीठ ने क्रिश्चियन कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी की याचिका खारिज करते हुए की है। सोसाइटी ने गाजियाबाद में बंजर ज़मीन के एक टुकड़े को ईसाई कब्रिस्तान में बदलने की अर्जी खारिज करने को चुनौती दी थी। कोर्ट ने कहा कि ग्राम सभा या स्थानीय निकाय को सौंपी गई ज़मीन को कब्रिस्तान के तौर पर इस्तेमाल के लिए सार्वजनिक उपयोग की ज़मीन में बदलना असल में एक प्रशासनिक फैसला है। कोर्ट ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को ऐसी जमीन को सार्वजनिक उपयोग की जमीन में बदलने की मांग करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है, जिसे न्यायालय में लागू कराया जा सके।
खंडपीठ ने आगे कहा कि वाकई जगह की कमी हो और उस इलाके में रहने वाले नागरिकों के व्यापक व विविध जनहित को ध्यान में रखते हुए अधिकारी ऐसी अर्जी पर विचार कर सकते हैं तो वह एक अलग बात होगी।
कोर्ट की टिप्पणी
कोर्ट ने कहा कि यह सच है कि याची यह कह सकता है कि अंतिम संस्कार करने का अधिकार उनके धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का हिस्सा है लेकिन दावा इस तरह नहीं किया जा सकता कि याची या ईसाई समुदाय के सदस्य निकाय के पास मौजूद ज़मीन के किसी खास हिस्से को ईसाई कब्रिस्तान बनाने के मकसद से आरक्षित करने की मांग कर सकें।
क्या था मामला
मामले के तथ्यों के अनुसार सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 के तहत रजिस्टर्ड याची सोसाइटी ने अध्यक्ष विनय कुमार पॉल के जरिए हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था। यह विवाद गाजियाबाद जिले की मोदी नगर तहसील के जलालबाद परगना के विसोखर गांव में स्थित 0.3420 हेक्टेयर जमीन से सम्बंधित है।
सरकारी वकीलों से बदसलूकी कोर्ट की अवमानना
एक अन्य मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया कि सभी पुलिस अधिकारियों के लिए सर्कुलर जारी कर चेतावनी दें कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन के लिए संवाद करने वाले सरकारी वकीलों के साथ दुर्व्यवहार करना न्यायालय की अवमानना हो सकता है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल ने आजमगढ़ के एसएसपी कार्यालय में तैनात पीआरओ राजेश कुमार सिंह के दुर्व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए दिया।


