सड़क और आवासीय इलाकों के पास कूड़ा डंपिंग की जांच हो, हाईकोर्ट का आदेश

लखनऊ, विधि संवाददाता
Follow us on Google News
share

पुरानी घनी बस्ती के पास मुख्य सड़क, फुटपाथ और आवासीय क्षेत्र के आसपास ठोस कचरा डाले जाने के आरोपों की जांच कराया जाए। हाईकोर्ट की  लखनऊ बेंच ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

सड़क और आवासीय इलाकों के पास कूड़ा डंपिंग की जांच हो, हाईकोर्ट का आदेश
हाईकोर्ट ने सड़क और आवासीय इलाकों के पास कूड़ा डंपिंग की जांच के आदेश दिए।

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने जानकीपुरम स्थित छुइया पुरवा, पुरानी घनी बस्ती के पास मुख्य सड़क, फुटपाथ और आवासीय क्षेत्र के आसपास ठोस कचरा डाले जाने के आरोपों की जांच कराने का आदेश दिया है। न्यायालय ने अधिवक्ता अभिषेक वर्मा को न्यायिक आयुक्त नियुक्त करते हुए, 8 अक्टूबर 2026 तक जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा है।

यह आदेश न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार राय की खंडपीठ ने सुनील कुमार गुप्ता व 13 अन्य की ओर से दाखिल एक याचिका पर सुनवाई करते हुए पारित किया है। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पाया कि याचियों की ओर से किए गए कचरा डंपिंग के दावे को राज्य सरकार की ने नहीं माना है। इस पर न्यायालय ने वास्तविकता सामने लाने के लिए मौके का निरीक्षण आवश्यक माना। न्यायालय ने न्यायिक आयुक्त नियुक्त करते हुए, अधिवक्ता को निर्देश दिया है कि वह विवादित स्थल पर जाकर यह पता लगाएं कि क्या मुख्य सड़क, फुटपाथ तथा आसपास के आवासीय इलाकों के पास ठोस कचरा डाला जा रहा है। न्यायिक आयुक्त को फोटो लेने और अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर कोर्ट में दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। न्यायालय ने याचियों और नगर निगम के अधिकारियों को न्यायिक आयुक्त के साथ समन्वय कर जांच में सहयोग करने को कहा है।

एक दूसरे मामले में भी महत्वपूर्ण आदेश दिया

वहीं एक दूसरे मामले में हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने बैंक खाते को धोखाधड़ी वाला (फ्रॉड) घोषित करने के मामले में महत्वपूर्ण आदेश देते हुए, एसबीआई की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस और धोखाधड़ी वर्गीकरण के आदेश को रद्द कर दिया है। न्यायालय ने कहा कि किसी खाते को धोखाधड़ी वाला घोषित करना खाताधारक के विरुद्ध गंभीर और दंडात्मक कदम है। लिहाजा बैंक को आरोपों और उनके आधार का पूरा विवरण उपलब्ध कराना जरूरी है।

यह आदेश न्यायमूर्ति शेखर बी. सराफ और न्यायमूर्ति अबधेश कुमार चौधरी की खंडपीठ ने पारमार ट्रैवेल्स एंड ट्रांसपोर्ट की याचिका पर दिया। याची का आरोप था कि उन्हें जारी कारण बताओ नोटिस में धोखाधड़ी के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने वाले लेन-देन और घटनाओं का पर्याप्त विवरण नहीं दिया गया था। वहीं बैंक की ओर से कहा गया कि 4.90 करोड़ रुपये के टर्म लोन से 10 ट्रकों की खरीद प्रस्तावित थी, लेकिन याची ने नौ ट्रक ही खरीदे, एक ट्रक के बीमा दस्तावेज में भी विसंगति सामने आई थी। अपने फैसले में कोर्ट ने कहा कि बैंक को विस्तृत कारण बताओ नोटिस, संबंधित सामग्री और जहां प्रासंगिक हो पूरी फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी। खाताधारक को लिखित जवाब का उचित अवसर देने के बाद कारणयुक्त आदेश पारित करना होगा। कोर्ट ने पाया कि प्रश्नगत नोटिस और आदेश में धोखाधड़ी तथा धन के कथित दुरुपयोग के पर्याप्त विशिष्ट कारण नहीं बताए गए थे।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसड़क और आवासीय इलाकों के पास कूड़ा डंपिंग की जांच हो, हाईकोर्ट का आदेश