हत्या के चश्मदीदों की गवाही पर हाईकोर्ट को संदेह, 42 साल पुराने हत्याकांड में उम्रकैद की सज़ा रद्द

प्रयागराज, विधि संवाददाता
Follow us on Google News
share

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के करीब 42 साल पुराने मामले में दो आरोपियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी उम्रकैद की सजा रद्द कर दी। कोर्ट ने कहा कि कथित चश्मदीद गवाहों के बयान और चिकित्सकीय साक्ष्य में गंभीर विरोधाभास है।

allahabad highcourt
इलाहाबाद हाईकोर्ट

Allahabad Highcourt Order: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के करीब 42 साल पुराने मामले में दो आरोपियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी उम्रकैद की सजा रद्द कर दी। कोर्ट ने कहा कि कथित चश्मदीद गवाहों के बयान और चिकित्सकीय साक्ष्य में गंभीर विरोधाभास है। गवाहों ने गोली और भाले से हमला किए जाने की बात कही, लेकिन मृतक के शरीर पर न तो गोली का घाव मिला और न ही भाले का कोई निशान।न्यायमूर्ति सिद्धार्थ और न्यायमूर्ति वो विनय कुमार द्विवेदी की खंडपीठ ने संत राम और रामलाल की आपराधिक अपील स्वीकार करते हुए शाहजहांपुर की विशेष अदालत द्वारा दो अगस्त 1984 को सुनाई गई उम्रकैद की सजा को निरस्त कर दिया।

अभियोजन के अनुसार 24 जनवरी 1984 की सुबह रामचंद्र अपनी चाय की दुकान पर जा रहा था। आरोप था कि संत राम, रामलाल सहित पांच लोगों ने उसका पीछा किया और पहले गोली चलाई। गोली लगने से रामचंद्र के गिरने के बाद आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू और भालों से हमला किया। मामले में संत राम और रामलाल को हत्या का दोषी ठहराया गया था, जबकि तीन अन्य आरोपियों को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया गया था।

शरीर पर मिली थीं 25 चोटें मिलीं

हाईकोर्ट ने पाया कि प्रथम सूचना रिपोर्ट और कथित चश्मदीद दल्लू तथा नत्थू लाल ने गोली चलने और भाले से हमला होने की बात कही थी। दोनों ने बताया था कि रामचंद्र को गोली लगने के बाद आरोपी चाकू और भालों से उस पर हमला कर रहे थे। लेकिन पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर पर 25 चोटें मिलीं, जिनमें 24 धारदार हथियार से लगी चोटें थीं। गोली या छर्रे का एक भी घाव नहीं मिला। भाले से लगी चोट भी नहीं पाई गई। कोर्ट ने कहा कि यदि गवाहों का बयान सही माना जाए तो मृतक के शरीर पर गोली और भाले की चोटें अवश्य मिलनी चाहिए थीं। चिकित्सकीय साक्ष्य से उनके बयान की पुष्टि नहीं होती। इससे यह गंभीर संदेह पैदा होता है कि दोनों वास्तव में घटना के समय मौके पर मौजूद थे या नहीं। अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि दल्लू की आंखों में मोतियाबिंद था और वह बिना चश्मे के स्पष्ट नहीं देख सकता था। घटना जनवरी की सुबह करीब सात बजे की थी। कोर्ट ने कहा कि सर्दी और संभावित कोहरे की स्थिति में करीब 20-22 कदम की दूरी से घटना को स्पष्ट रूप से देख पाने का उसका दावा भी संदेह पैदा करता है।

‘दुश्मनी दोधारी हथियार, अकेले इसके आधार पर दोषसिद्धि नहीं’

हाईकोर्ट ने कहा कि मृतक और संत राम के बीच पुरानी दुश्मनी जरूर थी, लेकिन सिर्फ दुश्मनी के आधार पर किसी व्यक्ति को हत्या का दोषी नहीं ठहराया जा सकता। दुश्मनी अपराध का मकसद हो सकती है, लेकिन झूठे फंसाने का कारण भी बन सकती है। संदेह कितना भी गंभीर क्यों न हो, वह प्रमाण का स्थान नहीं ले सकता। कोर्ट ने कहा कि जब अभियोजन की घटना की उत्पत्ति, घटनाक्रम और कथित चश्मदीदों की गवाही ही संदेहास्पद हो तथा चिकित्सकीय साक्ष्य उसका समर्थन न करता हो, तो दोषसिद्धि सुरक्षित रखना उचित नहीं है। अभियोजन आरोपी के खिलाफ अपराध को सभी उचित संदेहों से परे साबित करने में विफल रहा। हाईकोर्ट ने दोनों आरोपियों की अपील स्वीकार करते हुए 1984 की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा रद्द कर दी।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsहत्या के चश्मदीदों की गवाही पर हाईकोर्ट को संदेह, रद्द की उम्रकैद की सजा