मिड डे मील में कीड़ा! प्रधानाध्यापिका और रसोइया में बच्चों के सामने पटका-पटकी; जांच शुरू

Dec 20, 2025 03:59 pm ISTAjay Singh संवाददाता, गोरखपुर
share

बताया जा रहा है कि कीड़ा दिखने की शिकायत करते हुए बच्चों ने भोजन नहीं लिया। प्रधानाध्यापिका ने रसोइया से पूछा कि बच्चे भोजन क्यों नहीं किए? इस पर रसोइया ने जवाब दिया कि जो मिला वही बनाउंगी। कीड़े हैं तो वैसे ही बनाउंगी। इस जवाब पर प्रधानाध्यापिका और रसोइया में विवाद शुरू हो गया।

मिड डे मील में कीड़ा! प्रधानाध्यापिका और रसोइया में बच्चों के सामने पटका-पटकी; जांच शुरू

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के खजनी क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल का कथित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूल की प्रधानाध्यापिका और रसोइया के बीच जमकर मारपीट होती दिख रही है। यह मारपीट बच्चों के सामने हो रही है। बच्चे सन्न होकर सब कुछ देख रहे हैं। वीडियो में पीछे से एक महिला की आवाज सुनाई पड़ रही है जो लगातार भैया छुड़ाइए, भैया छुड़ाइए कह रही है। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र तिवारी ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) खजनी सावन कुमार दूबे को मौके पर पहुंचकर जांच करने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही बीईओ खजनी बुधवार को विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल की।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले मंगलवार को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और रसोइया के बीच बच्चों के मिड डे मील में कीड़े निकलने को लेकर यह विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि कीड़ा दिखने की शिकायत करते हुए बच्चों ने भोजन नहीं लिया। इस पर प्रधानाध्यापिका ने रसोइया से पूछा कि बच्चे भोजन क्यों नहीं किए? कहा जा रहा है कि रसोइया ने जवाब दिया कि जो मिला वही बनाउंगी। कीड़े हैं तो वैसे ही बनाउंगी। इस बात पर प्रधानाध्यापिका और रसोइया में विवाद शुरू हो गया। इस दौरान प्रधानाध्यापिका ने बीडीओ बनाना शुरू कर दिया तो रसोइया ने इस पर एतरात किया। बात बढ़ी और देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान बच्चे सहमे हुए सारा कुछ देखते रहे।

बाद में प्रधानाध्यापिका और रसोइया ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। बीएसए के आदेश पर जांच को पहुंचे बीईओ ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और रसोइया और सहायक अध्यापिका से अलग-अलग तथा संयुक्त रूप से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि मंगलवार को मध्यान्ह भोजन के दौरान बच्चों को परोसे गए चावल खराब थे और उनमें कीड़े पाए गए। इस पर बच्चों ने भोजन करने से इनकार कर दिया। खराब भोजन को लेकर प्रधानाध्यापिका द्वारा रसोइया से पूछताछ की गई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।

घटना के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद किसी कर्मचारी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जिसे अगले दिन सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने से विद्यालय की छवि धूमिल होने के साथ ही शैक्षणिक माहौल पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बीईओ ने कहा कि बच्चों के सामने विद्यालय परिसर में मारपीट करना गंभीर अनुशासनहीनता है। इस मामले में प्रधानाध्यापिका और रसोइया दोनों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट तैयार कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही है। वहीं, वीडियो वायरल करने वाले कर्मचारी की भूमिका की भी जांच कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |