
कोहरा थमा, धूप खिली तो सर्दी से मिली राहत
Hathras News - मंगलवार को कोहरे के सितम से लोगों को मिली राहत, दिन में तेज और चटकदार धूप खिलने से ठंड के तेवर से राहत।
हाथरस। बीते दो दिनों से प्रचंड सर्दी और कोहरे का सामना कर रहे लोगों के लिए मंगलवार का दिन मामूली तौर पर राहत देने वाला रहा है। सुबह आसमान में कोहरे की चादर नहीं होने की वजह से ठंड के तेवर भी नर्म नजर आए। सुबह से शाम तक पूरे दिन खिली तेज चटकदार तेज धूप ने लोगों को ठंड के सितम से काफी राहत प्रदान की। अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को सुबह से मौसम साफ रहा और कोहरा न होने से लोगों ने एक बड़ी राहत ली। लेकिन सुबह ठंड के तेवर तल्ख रहने से लोग सर्दी की वजह से परेशान दिखे।
लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे सूर्य देव के दर्शन होते गए और धूप खिलती गई। दोपहर में धूप के तेवर काफी ज्यादा तल्ख रहे। मौसम साफ रहने और चटकदार तेज धूप खिलने से जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर लौटता नजर आया। बाजारों में खरीदारी करने के लिए लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। इससे बाजारों में काफी ज्यादा चहल-पहल दिखी। दोपहर में लोगों ने घरों की छत और खुले आसमान के नीचे समय गुजार कर धूप का लुत्फ उठाया। रात को भी आठ बजे तक कोहरा नहीं उतरने से लोगों को एक बड़ी राहत मिली। इससे पहले सोमवार की रात को सड़कों पर कोहरे की घनी चादर तनी रही। विजिबिलिटी कम होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी वाहन स्वामियों को करनी पड़ी। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। रात को ठंड के तेवर प्रचंड होने की वजह से लोग परेशान दिखे और ठंड से बचाव को लेकर जगह-जगह लोग अलाव पर तापते नजर आए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




