20 घंटे से सप्लाई न आने पर डंडे लेकर बिजलीघर पर पहुंची महिलाएं,हंगामा

Newswrap हिन्दुस्तान, हाथरस
share

Hathras News - 20 घंटे से सप्लाई न पर डंडे लेकर बिजलीघर20 घंटे से सप्लाई न पर डंडे लेकर बिजलीघर20 घंटे से सप्लाई न पर डंडे लेकर बिजलीघर20 घंटे से सप्लाई न पर डंडे ले

20 घंटे से सप्लाई न आने पर डंडे लेकर बिजलीघर पर पहुंची महिलाएं,हंगामा

सादाबाद। कस्बे के कृष्ण नगर इलाके में विद्युत विभाग की अचानक कार्रवाई से करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिना पूर्व सूचना बिजली काटे जाने और 20 घंटे बाद भी सप्लाई बहाल न होने से क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी घरों की महिलाओं को हुई, जिन्हें बिजली के साथ-साथ पानी के संकट का भी सामना करना पड़ा। आक्रोशित महिलाएं हाथों में डंडे लेकर बिजलीघर पहुंच गईं और जमकर हंगामा किया। कृष्ण नगर में विद्युत विभाग की टीम ने बकाया बिल के नाम पर अचानक कई घरों की बिजली काट दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से पहले कोई सूचना या नोटिस नहीं दिया गया, जिससे लोग हैरान रह गए।

जब उपभोक्ताओं ने विभाग से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि बिजली बिल जमा न होने के कारण कनेक्शन काटे गए हैं। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने तत्काल बिल जमा करना शुरू किया। महिलाओं ने बताया कि करीब 70 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन माध्यम से अपना बकाया बिल जमा भी कर दिया, लेकिन इसके बावजूद 20 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू नहीं की गई। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बिजली न होने के कारण घरों में अंधेरा छा गया, वहीं मोटर और सबमर्सिबल बंद होने से पानी की आपूर्ति भी ठप पड़ गई। गर्मी के मौसम में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बढ़ती परेशानी से नाराज महिलाएं समूह बनाकर हाथों में डंडे लेकर स्थानीय बिजलीघर पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही महिलाओं का समूह बिजलीघर पहुंचा, वहां मौजूद विद्युत अधिकारी और कर्मचारी मौके से खिसक गए। महिलाओं को अपनी बात सुनाने के लिए दफ्तर में कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी नहीं मिला। इससे उनका गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने बिजलीघर परिसर में काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा किया।महिलाओं का आरोप है कि बिल जमा होने के बावजूद जानबूझकर आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द बिजली चालू नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।