Hathras News: आठ दिन बाद घर वापस लौटा लापता किशोर
Hathras News: - कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के एक गांव से किशोर हुआ था लापता किशोर की तलाश के लिए परिजनों ने 50 हजार का इनाम किया था घोषित - लापता किशोर मथुरा के राया स

Hathras News: हाथरस, संवाददाता। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 13 जुलाई को लापता हुआ किशोर मंगलवार को मथुरा के राया से बरामद हुआ। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत उसे परिजनों को सौंप दिया। किशोर की तलाश के लिए परिजनों ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लापता किशोर की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को सूचना मिली कि वह मथुरा के राया क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। कुछ ही देर में किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि घर से निकलने के बाद वह आगरा और मथुरा होते हुए जयपुर के खाटू श्याम, दिल्ली और मुंबई तक पहुंच गया था। मुंबई में उसने एक होटल में लगभग तीन दिन तक काम भी किया। इसके बाद वह वापस मथुरा आया और राया क्षेत्र में रुका था। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उसे पहचान लिया और सादाबाद पुलिस तथा उसके परिवार को सूचना दी। पुलिस किशोर को परिजनों के साथ सादाबाद कोतवाली ले आई। जहां उससे पूछताछ की गई। मंगलवार देर रात आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को उसके पिता और परिवार को सौंप दिया।


