अपरा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
सादाबाद में अपरा एकादशी के अवसर पर श्री गोवर्धनधाम मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। अपरा एकादशी का धार्मिक महत्व है, जिससे भक्तों को बाबा की कृपा प्राप्त होती है।

सादाबाद। अपरा एकादशी के पावन अवसर पर स्थानीय बिजलीघर रोड स्थित श्री गोवर्धनधाम श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से लेकर देर रात तक हजारों भक्त बाबा श्याम के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते रहे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से बाबा खाटू श्याम की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। बाबा के दिव्य और आकर्षक श्रृंगार के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। वहीं मंदिर में स्थापित बाबा गोवर्धन महाराज की प्रतिमा की परिक्रमा कर श्रद्धालुओं ने मनोकामनाएं मांगीं। कोई श्रद्धालु बाबा के चरणों में गुलाब का फूल अर्पित करने पहुंचा तो कोई नम आंखों से अपनी पीड़ा और मन की बात बाबा को सुनाता नजर आया।
मंदिर में पूरे दिन भजनों और जयकारों की गूंज से माहौल भक्तिमय बना रहा। भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एअर कंडीशनर सहित विशेष व्यवस्थाएं की गईं, जिससे दर्शन करने पहुंचे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी रजत अग्रवाल ने बताया कि अपरा एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखकर बाबा श्याम की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से बड़े से बड़े पाप भी नष्ट हो जाते हैं और भक्तों पर बाबा की विशेष कृपा बनी रहती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


