
अस्पतालों के विस्तार से सुधरेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
Hathras News - सरकारी अस्पतालों की बढ़ेगी क्षमता, जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों को मिलेगा लाभ, क्रिटिकल केयर यूनिट के जल्द संचालन से स्वास्थ्य सेवाओं में आएगा बड़
हाथरस। केंद्र सरकार के बजट पेश होने के साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नई उम्मीदें जागी हैं। सरकारी अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने के निर्णय से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को बड़ा सहारा मिलने की संभावना है। यहां बागला संयुक्त जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों को निश्चित लाभ मिलेगा। क्रिटिकल केयर यूनिट के जल्द संचालन की संभावना भी नजर आ रही हैं। हाथरस की बढ़ती आबादी और आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों की संख्या को देखते हुए यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार लंबे समय से आवश्यक माना जा रहा है। वर्तमान में सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे उपचार व्यवस्था प्रभावित होती है।
ऐसे में शहर के बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय के रूप में विकसित करना एक व्यावहारिक विकल्प माना जा रहा है। प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। केंद्र सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने के निर्णय का भी हाथरस को लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में बागला संयुक्त जिला अस्पताल में लगभग 70 बेड की व्यवस्था है, जबकि जिला महिला चिकित्सालय में करीब 30 बेड उपलब्ध हैं। क्षमता बढ़ने से मरीजों को बेड के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उपचार व्यवस्था सुचारु होगी। बागला संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट भी लगभग तैयार हो चुकी है। जल्द ही संचालित भी होगी। जिले के सिकंदराराऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की भी उम्मीद तेज हुई है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन मामलों में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सकेगा। इससे जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। इनसेट: मधुमेह और कैंसर रोगियों को मिलेंगी सस्ती दवाएं बजट में जीवनरक्षक दवाओं को सस्ता करने के प्रावधान का सीधा लाभ हाथरस जिले के लाखों मरीजों को मिलने जा रहा है। बजट घोषणा के तहत मधुमेह और कैंसर उपचार में उपयोग होने वाली कई महत्वपूर्ण दवाओं पर कर में राहत दी गई है, जिससे उनकी कीमतों में कमी आएगी। जिले में लाखों लोग मधुमेह से प्रभावित हैं, जिन्हें नियमित दवाओं पर हर महीने अच्छी-खासी राशि खर्च करनी पड़ती है। दवाएं सस्ती होने से इन मरीजों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। इसी तरह कैंसर उपचार में प्रयुक्त 17 जरूरी दवाओं की कीमत घटने से मरीजों और उनके परिजनों का इलाज का बोझ कुछ कम होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि दवा लागत घटने से इलाज बीच में छोड़ने की प्रवृत्ति भी कम होगी। वर्जन: जीवनरक्षक दवाओं को सस्ता करना उचित निर्णय है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को विशेष लाभ मिलने के साथ नियमित इलाज को बढ़ावा भी मिलेगा। डॉ. सुनील अग्रवाल, बाल रोग विशेषज्ञ। ---- कैंसर, मधुमेह जैसी बीमारियों में दवाओं पर हर महीने अच्छी-खासी राशि खर्च करनी पड़ती है। दवाएं सस्ती होने से इन मरीजों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। डॉ. दीपिका शर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




