Hardoi News: कूड़ा डालने को लेकर सफाईकर्मी से मारपीट, चार पर रिपोर्ट
Hardoi News: हरदोई में नगर पालिका के संविदा सफाई कर्मचारी राजन ने आरोप लगाया है कि चार स्थानीय लोगों ने उसे गाली-गलौज और मारपीट की। राजन ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत की, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। जेसीबी द्वारा शेड गिराने के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई।

Hardoi News: हरदोई। बावन रोड स्थित लोनार अड्डे के पास कूड़ा उठाने पहुंचे नगर पालिका के संविदासफाई कर्मचारी से गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। कर्मचारी ने चार स्थानीय लोगों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर पालिका में संविदा पर सफाई कर्मचारी राजन पुत्र सुंदर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को वह बावन रोड लोनार अड्डे के पास कूड़ा उठा रहा था। इसी दौरान वहां रहने वाले चार लोग पहुंचे और कूड़ा डालने को लेकर उससे गाली-गलौज करने लगे।
राजन के अनुसार उसने तत्काल कूड़े की ढेरी हटा ली, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। कर्मचारी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है।इधर, शाम को नगर पालिका के कुछ कर्मचारी जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गए। जेसीबी से दुकान के सामने पड़े तीन शेड गिरा दिए गए। इससे मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कार्रवाई को लेकर लोगों में आक्रोश दिखा। सूचना पर शहर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि संविदा कर्मचारी राजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।


