खजुरहरा में करोड़ों की पानी टंकी बनी शोपीस

Dec 21, 2025 10:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हरदोई
share

Hardoi News - ग्राम पंचायत खजुरहरा में बनी पानी की टंकी ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में असफल रही है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी योजना वर्षों बाद भी चालू नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ठेकेदार पर घटिया पाइपलाइन बिछाने का आरोप भी लगाया गया है।

खजुरहरा में करोड़ों की पानी टंकी बनी शोपीस

सुरसा। क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुरहरा में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई पानी की टंकी आज भी लोगों की प्यास बुझाने में नाकाम साबित हो रही है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह योजना वर्षों बाद भी सुचारू रूप से संचालित नहीं हो सकी है। जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन के तहत वर्ष 2016-17 में ग्राम पंचायत खजुरहरा को दो जोन में विभाजित कर लगभग 5 करोड़ 58 लाख 46 हजार रुपये की लागत से दो अलग-अलग पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया था। इसके साथ ही ग्राम सभा के सभी मजरो में पाइपलाइन बिछाई गई और घर-घर कनेक्शन भी किए गए।

उस समय ग्रामीणों में शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही ने इस योजना को अधर में लटका दिया। स्थिति यह है कि जोन-1 के कई मजरों में आज तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। गरीब परिवारों को एक बूंद पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी तैयार होने के बावजूद पानी सप्लाई नियमित न होने से यह योजना सफेद हाथी बनकर रह गई है। यह टंकी गांव में लोगों को मुंह चिढ़ाती नजर आती है। ठेकेदार पर घटिया किस्म की पाइप लाइन बिछाने का आरोप: ग्रामीण सत्यप्रकाश, रामनिवास, आनंद, कौशलेन्द्र, कमलाकांत सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा घटिया किस्म की पाइपलाइन बिछाई गई है। जिसमें आए दिन लीकेज हो जाता है। इससे पानी की आपूर्ति अक्सर बाधित रहती है। कई वर्षों से कार्य पूर्ण होने के बावजूद आज तक नियमित और सुचारू सप्लाई शुरू न होना गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि योजना की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और जल्द से जल्द पानी की टंकी का संचालन नियमित कराया जाए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।