सड़क निर्माण में मानकों से खिलवाड़ पर ग्रामीण भड़के

हिन्दुस्तान, हरदोई
Follow us on Google News
share

हरदोई के ग्राम हरियावां में डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से जांच की मांग की है, आरोप लगाते हुए कि मानकों की अनदेखी की जा रही है। बारिश में सड़क के शीघ्र क्षतिग्रस्त होने का खतरा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो प्रदर्शन करेंगे।

सड़क निर्माण में मानकों से खिलवाड़ पर ग्रामीण भड़के

हरदोई, संवाददाता। विकासखंड हरियावां के ग्राम हरियावां से कोरिगवां संपर्क मार्ग पर कराए जा रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क की पुरानी परत की खुदाई काफी समय पहले कर दी गई थी, जिसके बाद उस पर मिट्टी की मोटी सतह जम गई थी। आरोप है कि इस सतह को साफ किए बिना ही सीधे डामर और गिट्टी डालकर सड़क निर्माण कराया जा रहा है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल तब और गहरे हो गए जब पीछे तैयार की गई सड़क की परत ग्रामीणों ने हाथ से ही उखाड़नी शुरू कर दी। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमित चंचल त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव होने पर सड़क के शीघ्र क्षतिग्रस्त होने की आशंका है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ेगी। ग्रामीण श्रीनिवास त्रिवेदी, सुनील मिश्र, भीमशंकर मिश्र, मोनू त्रिवेदी, कुंदन शुक्ल, अमित मिश्रा, पुनीत मिश्रा, पी.के. तथा रोहित गुप्ता सहित अनेक लोगों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण में अनियमितता पाई गई तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।