हाई वोल्टेज लाइन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
बेनीगंज के ग्राम पंचायत ममरेजपुर के शाहपुर में ग्रामीणों ने 11000 वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन को मकानों के ऊपर से निकालने का विरोध किया। उन्होंने विद्युत अभियंता को ज्ञापन देकर लाइन को गांव के बाहर से निकाले जाने की मांग की। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
बेनीगंज। विद्युत उपकेंद्र बेनीगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत ममरेजपुर के गांव शाहपुर में 11000 वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन को मकानों के ऊपर से निकाले जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों ने संडीला के विद्युत अभियंता को ज्ञापन देकर लाइन को गांव के बाहर से निकालने की मांग उठाई है। प्रधान प्रतिनिधि विनोद कुमार, रामखेलावन, शिवकुमार गुप्ता और संजय मनोहर ने मांग की कि उक्त लाइन को आबादी क्षेत्र से हटाकर गांव के बाहर से निकाला जाए। वहीं भारतीय किसान यूनियन (अवध) के जिला अध्यक्ष इम्तियाज अली ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्य नहीं रोका गया तो ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से खंभे गाड़कर जबरन लाइन खींचने का प्रयास किया जा रहा है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 40 मकान इस लाइन की जद में आ रहे हैं। ऐसे में छत पर जाने वाले बच्चों, आम लोगों और घरों के पास बंधे पशुओं के लिए खतरा बना हुआ है। इस मामले में कछौना खंड क्षेत्र के एसडीओ पुनीत त्रिवेदी का कहना है कि लाइन सड़क किनारे से निकाली जा रही है। यदि ग्रामीणों ने अतिक्रमण कर रखा है और मकान आ रहे हैं तो विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। लाइन निर्धारित मार्ग से ही निकलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


