सड़क का मानक विहीन निर्माण से ग्रामीणों का हंगामा
हरियावां के ग्रामीणों ने ग्राम हरियावां से कोरिगवां संपर्क मार्ग पर डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। आरोप है कि घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क शीघ्र क्षतिग्रस्त हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की है और निर्माण कार्य में सुधार की चेतावनी दी है।

हरियावां, संवाददाता। विकासखंड हरियावां के ग्राम हरियावां से कोरिगवां संपर्क मार्ग पर कराए जा रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क की पुरानी परत की खुदाई काफी समय पहले कर दी गई थी, जिसके बाद उस पर मिट्टी की मोटी सतह जम गई थी। आरोप है कि इस सतह को साफ किए बिना ही सीधे डामर और गिट्टी डालकर सड़क निर्माण कराया जा रहा है।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल तब और गहरे हो गए जब पीछे तैयार की गई सड़क की परत ग्रामीणों ने हाथ से ही उखाड़नी शुरू कर दी।राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमित चंचल त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव होने पर सड़क के शीघ्र क्षतिग्रस्त होने की आशंका है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ेगी। ग्रामीण श्रीनिवास त्रिवेदी, सुनील मिश्र, भीमशंकर मिश्र, मोनू त्रिवेदी, कुंदन शुक्ल, अमित मिश्रा, पुनीत मिश्रा, पी.के. तथा रोहित गुप्ता सहित अनेक लोगों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण में अनियमितता पाई गई तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


