वट सावित्री व्रत पर सुहागिनों ने मांगी अखंड सौभाग्य की कामना
Hardoi News - हरदोई में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाएं वट वृक्ष के नीचे पूजा करती हैं और पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। उन्होंने व्रत के अवसर पर सामूहिक पूजा और कथा का आयोजन किया। बाजारों में भी रौनक रही और पूजा सामग्री की बिक्री बढ़ी।

हरदोई। शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष के नीचे पहुंचीं। विधि-विधान से पूजन कर पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि तथा अखंड सौभाग्य की कामना की। महिलाओं ने एसवीवी इंटर कालेज, जेल रोड, बावन चुंगी, रेलवेगंज, सदर बाजार, आवास विकास कालोनी समेत शहर में कई जगहों पर वट वृक्ष की परिक्रमा की। उसके तने पर कच्चा धागा लपेटा। सावित्री-सत्यवान की कथा श्रवण कर परिवार की खुशहाली एवं दांपत्य जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना की। मंदिरों और वट वृक्षों के आसपास सुबह से ही महिलाओं की भीड़ लगी रही।
कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना और कथा का आयोजन भी किया गया। पूजन के दौरान महिलाओं ने फल, फूल, मिठाई, भीगा चना, पूड़ी-पकवान, खरबूजा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। पारंपरिक परिधानों और पूर्ण श्रृंगार में पहुंचीं महिलाओं ने एक-दूसरे को व्रत की शुभकामनाएं दीं और मंगल गीत भी गाए।धार्मिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने अटूट तप, निष्ठा और संकल्प के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। इसी आस्था के चलते सुहागिन महिलाएं यह व्रत रखकर पति की लंबी आयु और वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। व्रत के अवसर पर बाजारों में भी विशेष रौनक देखने को मिली। पूजन सामग्री, फल, मिठाई, श्रृंगार सामग्री और पारंपरिक वस्तुओं की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


