परिवहन निगम ने शुरू किया ‘मुझे भी ले चलो अभियान’
Hardoi News - हरदोई में परिवहन निगम ने 'मुझे भी ले चलो' अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य यात्रियों की संख्या बढ़ाना और सेवा में सुधार करना है। तीन दिनों में 25,000 से अधिक यात्रियों की वृद्धि हुई है। कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक व्यवहार ने यात्रियों का विश्वास बढ़ाया है। यह अभियान 25 फरवरी तक चलेगा।

हरदोई। परिवहन निगम ने यात्रियों की संख्या बढ़ाने और सेवा गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से मुझे भी ले चलो अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान में ड्राइवर, कंडक्टर, टीआई एवं टीएस के सकारात्मक प्रयासों से तीन दिन में ही 25 हजार से अधिक यात्रियों की संख्या बढ़ी है। निगम के जिम्मेदारों ने बताया कि कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी, सकारात्मक व्यवहार से ही यात्रियों का भरोसा बढ़ रहा है। एआरएम भुवनेश कुमार ने बताया अभियान के शुरुआती मात्र तीन दिनों में ही लगभग 25,000 यात्रियों की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही बसों के लोड फैक्टर में भी सुधार हुआ है।
एआरएम ने बताया यह सफलता टीम भावना, समर्पण और जिम्मेदारी से कार्य करने का परिणाम है। कर्मचारी यात्रियों के साथ मुस्कराहट के साथ मिल रहे हैं। सहयोग और अतिरिक्त प्रयासों से उन्हें परिवहन निगम की सेवाओं से जोड़ने में मदद कर रहे हैं। बताया अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा उपलब्ध कराना है। यह अभियान 25 फरवरी तक चलेगा। निगम ने सभी चालकों, परिचालकों और निरीक्षण कर्मचारियों से अपील की है कि वे इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा दी जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


