गंगा में डूबे पांच बच्चों में से दो की हुई मौत
Hardoi News - बिलग्राम के नोखेपुरवा गंगा घाट पर श्रीमद्भागवत कथा के लिए जल भरने गए पांच किशोर तेज बहाव में फंस गए। हादसे में 14 वर्षीय संध्या और एक अन्य किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने राहत कार्य किया।

बिलग्राम। श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले गंगा जल भरने गए पांच किशोर-किशोरियां तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन को ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया। इससे गांव में गम का माहौल पैदा हो गया। हादसा बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के नोखेपुरवा गंगा घाट पर हुआ। जानकारी के अनुसार म्योरा मोड़ गांव से परिवार और पड़ोस के लोग भागवत कथा के लिए गुरुवार को गंगा जल लेने नोखेपुरवा घाट पहुंचे थे। जल भरने और स्नान के दौरान अचानक पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों और गोताखोरों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया। स्थानीय लोगों की मदद से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन 14 वर्षीय संध्या पुत्री रविशंकर निवासी म्योरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ओमजी पुत्र राजेश लापता हो गया। उसका शव शुक्रवार सुबह गोताखोरों ने तलाशी अभियान के दौरान बरामद कर लिया। संध्या के पिता रविशंकर ने बताया कि उनकी बेटी जूनियर हाईस्कूल पैडापुर में कक्षा आठ की छात्रा थी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासनिक अधिकारियों ने देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया। क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी एन. राम तथा थाना प्रभारी विजय कुमार मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


